सोतीगंज में कबाड़ी ने दी थी जम्मू-कश्मीर के तीन बदमाशों को पनाह

Nov 03, 2026 - 16:15
0 2
सोतीगंज में कबाड़ी ने दी थी जम्मू-कश्मीर के तीन बदमाशों को पनाह
सोतीगंज

मेरठ। जम्मू-कश्मीर पुलिस और यूपी एसटीएफ ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर सोतीगंज इलाके से तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपित बदमाश जम्मू-कश्मीर के कुख्यात गटरू गैंग से जुड़े हैं। तीनो बदमाश डकैती और जानलेवा हमले की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए थे, जिन्हें मेरठ में पनाह मिली हुई थी। तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपियों की तलाश में जम्मू-कश्मीर पुलिस को एक मोबाइल नंबर मिला था। इसी नंबर की लोकेशन और उसके कनेक्शन ने पुलिस को मेरठ तक पहुंचा दिया। इस पूरे ऑपरेशन में सोतीगंज के कबाड़ी मोहसिन का नाम भी सामने आया है, जिसने कथित तौर पर तीनों वांछित बदमाशों को अपने यहां छिपा रखा था। हालांकि, दबिश के दौरान मोहसिन पुलिस के हाथ नहीं आया। पुलिस ने मोबाइल नंबर से जुड़े माज और अहमद को भी हिरासत में लिया है।

जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में कुछ समय पहले डकैती और कातिलाना हमले की वारदात हुई थी। इस मामले में गटरू गैंग के तीन सदस्य वांछित चल रहे थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी मेरठ के सोतीगंज इलाके में छिपे हुए हैं। पुलिस को एक मोबाइल नंबर भी मिला, जिसका इस्तेमाल मेरठ में रह रहे आरोपी कर रहे थे। जांच में पता चला कि यह सिम सोतीगंज निवासी माज की आईडी पर लिया गया था।

वाटर टैंकर बेचने कश्‍मीर गया था मोहसिन

इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम मेरठ पहुंची और यूपी एसटीएफ की मेरठ यूनिट के एएसपी बृजेश सिंह से संपर्क किया। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी में कबाड़ी मोहसिन का नाम सामने आया। बताया गया कि मोहसिन ने ही तीनों वांछित बदमाशों को अपने यहां ठहराया है। पुलिस के मुताबिक, मोहसिन कुछ समय पहले अपना वाटर टैंकर बेचने जम्मू-कश्मीर गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात गटरू गैंग के बदमाशों से हुई और वह उनके संपर्क में आ गया।

तीन ठिकानों पर एक साथ दबिश

पुष्ट जानकारी मिलने के बाद यूपी एसटीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रणनीति बनाई। सोमवार देर शाम टीमों ने पटेलनगर स्थित मोहसिन के गोदाम, उसके मकान और एक दुकान पर एक साथ दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई। पुलिस ने तलाशी के दौरान गटरू गैंग के तीनों वांटेड सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, जिस मोहसिन की तलाश में पुलिस पहुंची थी, वह घटनास्थल से नहीं मिला।

माज और अहमद भी हिरासत में

टीम ने मोबाइल कनेक्शन और आरोपियों को पनाह देने के मामले में माज और अहमद को भी हिरासत में लिया है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है कि गैंग के बदमाशों को मेरठ में किसने और कब से ठहरने का ठिकाना दिया हुआ था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मेरठ में गैंग के अन्य बदमाशों या मददगारों का नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

एसटीएफ ने कहा...

यूपी एसटीएफ के एएसपी बृजेश सिंह ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में कातिलाना हमले के एक मामले में गटरू गैंग के तीन अपराधी वांटेड थे। उनकी लोकेशन मेरठ में मिली थी। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस संबंध में सूचना साझा करते हुए मदद मांगी थी। इसके बाद संयुक्त रूप से दबिश दी गई और तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User