'दिल दरिया' से 'किंग' तक कामयाबी का लम्बा सफर तय किया है शाह रुख खान ने
'दिल दरिया' से 'किंग' तक कामयाबी का लम्बा सफर तय किया है शाह रुख खान ने
मुंबई। वर्ष 1988 में शाह रुख खान ने धारावाहिक 'दिल दरिया' से करिअर की शुरुआत की। इसकी शूटिंग तो हुई, लेकिन प्रसारण में देर की वजह से 1989 में 'फौजी' पहले दूरदर्शन पर आ गया। इस सीरियल ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। 1990 में 'सर्कस' ने उन्हें नाम दिया, जबकि 'वागले की दुनिया', 'दूसरा केवल' (1989) 'इडियट' (1991) में उन्होंने छोटी-छोटी भूमिकाएं निभाई।
टीवी से आए एक नए-नवेले हीरो शाह रुख़ ख़ान की फ़िल्म 'दीवाना' (1992) आई, तो लगा एक होनहार सितारे ने दिलों पर दस्तक दी है। बेपरवाह तेवर से 'दीवाना' में ही एंट्री नहीं ली थी, बल्कि सीधे लोगों के दिलों में जगह पा ली थी। लेकिन, उस हीरो ने सही मायनों में बॉक्स ऑफ़िस पर तब तहलका मचाया जब 1993 में एक-के-बाद एक 'बाज़ीगर' और 'डर' रिलीज़ हुईं।
आज भले शाह रुख़ को 'रोमांस का राजा' कहा जाता है, लेकिन कामयाबी की पहली सीढ़ियाँ शाह रुख़ ने रोमांस के ज़रिए नहीं, बल्कि एंटी-हीरो बनकर चढ़ी हैं। एंटी-हीरो के रूप में 1993 में शुरू हुआ 'बाज़ीगर' का ये काफ़िला 2023 में रिलीज हुई 'जवान' तक पहुँच चुका है। यानी शाह रुख़ ने तीस साल के फ़ासले पर दो क़िस्म के एंटी-हीरो का सफ़र तय किया है.
वैश्विक रोमांटिक हीरो
'बाज़ीगर' और 'डर' में शाह रुख़ का एंटी-हीरो वाला इमोशन एक लड़की के प्रति उनके प्रेम से प्रेरित था, लेकिन बाद में उन्होंने इस नेगेटिव इमेज को छोड़ते हुए कूल, ग्लोबल, शहरी रोमांटिक हीरो का चेहरा अपना लिया। बीते कुछ सालों में उन्होंने जब ख़ुद को री-इन्वेंट करने की कोशिश की तो उनकी फ़िल्में चलना बंद हो गईं।
हम कह सकते हैं कि 2023 में 'पठान' और 'जवान' के ज़रिए वो ख़ुद को नए सिरे से ढाल पाए हैं। हिंदी सिनेमा के लिए ये बात नई है कि जिन हालत में हम रह रहे हैं, वहाँ शाह रुख़ जवान जैसी फ़िल्म में सत्ता को खुली चुनौती देते हैं। इस तरह का सत्ता विरोधी रुख़ अपनाना काबिले-ग़ौर है। 'बाज़ीगर' में एक प्रेमिका के लिए एंटी-हीरो बनना उसके बाद 'जवान' में पूरी सत्ता और तंत्र के ख़िलाफ़ एंटी हीरो बनना, इन दोनों में बुनियादी फ़र्क है और यही शाह रुख़ के सफ़र को दिखाता है। अब 'किंग' के जरिये शाह रुख खान एक बार फिर दर्शकों के दिल पर राज करने के लिए तैयार हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)