राष्ट्रपति मुर्मु से मिले सुरों के जादूगर हरिहरन

Oct 28, 2026 - 10:47
0 6
राष्ट्रपति मुर्मु से मिले सुरों के जादूगर हरिहरन
राष्ट्रपति मुर्मु

नई दिल्ली: विख्यात पार्श्व गायक हरिहरन ने अपनी पत्नी ललिता हरिहरन के साथ राष्ट्रपति भवन में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। इस खास मुलाकात को उन्होंने अपने परिवार की चार पीढ़ियों के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण बताया है।

मुलाकात के बाद हरिहरन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उनके परिवार ने राष्ट्रपति को 'द एंथम - वंदे मातरम' का एक एक्सक्लूसिव विनाइल एडिशन और एक विशेष टर्नटेबल उपहार स्वरूप भेंट किया।

राष्ट्रपति मुर्मु के सरल और शालीन स्वभाव की सराहना करते हुए गायक ने कहा कि उनका आत्मीय व्यवहार और सम्मान देने का तरीका दिल को छू लेने वाला था। उन्होंने अपनी मां अलमेलु मणि के साथ राष्ट्रपति की प्रेमपूर्ण बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि यह लम्हा उनके पूरे परिवार के लिए उम्रभर की थाती बन गया है।

हरिहरन ने अपनी पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रपति से मिलना उनके और उनके परिवार की चार पीढ़ियों के लिए असीम सौभाग्य की बात है। उन्होंने आगे कहा कि संगीत देश के प्रति उनके समर्पण का एक छोटा सा प्रतीक है, और ऐसे खास पलों में अपनों की मौजूदगी के बीच देश के सर्वोच्च पद से मिला आशीर्वाद इस सफर को पूरी तरह सार्थक बना देता है।

आपको बता दें कि हरिहरन भारतीय संगीत जगत के एक अत्यंत प्रतिष्ठित और बहुमुखी गायक हैं। उन्होंने हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम समेत कई भाषाओं में अपनी जादुई आवाज से अनगिनत लोकप्रिय गाने गाए हैं। 1980 के दशक से अपने करियर की शुरुआत करने वाले हरिहरन को संगीत में उनके अमूल्य योगदान के लिए साल 2004 में प्रतिष्ठित 'पद्म श्री' से सम्मानित किया जा चुका है। 'तू ही रे', 'रोजा जानेमन' और 'बांहों के दरमियान' जैसे उनके गाए सदाबहार गीत आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज करते हैं।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
प्रियांशी सिरोही

प्रियांशी सिरोही - ( कंटेंट राइटर )

Comments (0)

User