चक्रवाती तूफ़ान 'मुरासु' के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका
नई दिल्ली। चक्रवात अर्नब के चलते पहले ही कई तटीय क्षेत्रों में भारी नुक़सान हुआ है। अब बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गंभीर चक्रवाती तूफ़ान 'मुरासु' पिछले कुछ घंटों के दौरान 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसका असर आंध्र प्रदेश के अलावा, तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक और महाराष्ट्र में होगा।
इस चक्रवात के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और सोमवार रात 11:30 बजे से मंगलवार की सुबह 4 बजे के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट से गंभीर चक्रवाती तूफ़ान के रूप में टकराने की आशंका है। यह चक्रवात नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के पास आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा। इस दौरान हवा की रफ़्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडु सोमवार को दिल्ली दौरे पर आने वाले थे मगर उन्होंने 'मुरासु' की तैयारियों के चलते अपना दौरा रद्द कर दिया है।
भारतीय मौसम विज्ञान ने सोमवार को बताया कि मुरासु चक्रवात अभी चेन्नई (तमिलनाडु) से लगभग 200 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व, नेल्लोर (आंध्र प्रदेश) से 210 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 270 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, कावली (आंध्र प्रदेश) से 220 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और ओंगोल (आंध्र प्रदेश) से 260 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था। भारी बारिश के चलते चेन्नई एयरपोर्ट पर कई हवाई उड़ाने रद्द होने की भी ख़बरें हैं। चक्रवात के कारण कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि तटीय आंध्र प्रदेश में सोमवार और मंगलवार को ज़्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी और कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश होने की संभावना है. बुधवार को भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना में भी 2 से 4 नवंबर के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। 3 नवंबर को कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश होने की भी संभावना है। तमिलनाडु के लिए भी मौसम विभाग का अनुमान लगभग ऐसा ही है।
दक्षिणी ओडिशा में भी बुधवार तक बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ में भी चक्रवात के कारण बारिश हो सकती है।
आंध्र प्रदेश के दस जिलों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है. यहां कई इलाकों में शिक्षण संसथान बंद हैं। पड़ोसी ओडिशा में भी बारिश के चलते छुट्टियां घोषित की गई हैं। तमिलनाडु में चेन्नई समेत कई जिलों के तेज बारिश की संभावना को देखते हुए सोमवार की स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
चार से छह मीटर उठेंगी लहरें
मौसम विभाग का अनुमान है कि समुद्र में उठने वाली लहरों की ऊंचाई 4 से 6 मीटर तक हो सकती है। बाढ़ के कारण कच्ची सड़कों के कुछ हिस्से टूट सकते हैं। इसके अलावा, बड़े शहरों में सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हो सकता है और यात्रा में ज़्यादा समय लग सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)