30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना
नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चक्रवाती तूफान 'अर्नब' को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान 'अर्नब' बीते 6 घंटों के दौरान 23 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। यह और अधिक तीव्र होकर एक 'अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान' में बदल गया है।
पूर्वी-मध्य और सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव लगभग पश्चिम की ओर बढ़ा और अब एक चक्रवाती तूफान 'अर्नब' में बदल गया। भारतीय समयानुसार सोमवार सुबह 5.30 बजे यह तूफान पूर्वी-मध्य और उससे सटे पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। यह स्थान श्री विजयपुरम (अंडमान द्वीप समूह) से लगभग 590 किमी उत्तर-पश्चिम में, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 650 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व में, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 730 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व में, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 830 किमी पूर्व में और बापटला (आंध्र प्रदेश) से 910 किमी पूर्व में स्थित था ।
मौसम विभाग ने मंगलवार को जानकारी दी कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्नब' बीते
6 घंटों के दौरान 23 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा है और अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान बन
गया है। सोमवार रात 11.30 बजे यह तूफान इसी क्षेत्र में, 15.9 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86.0 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था। यह स्थान गोपालपुर (ओडिशा) से 400 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 350 किमी दक्षिण-पूर्व, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 420 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 520 किमी पूर्व, बापटला (आंध्र प्रदेश) से 590 किमी पूर्व और श्री विजय पुरम (अंडमान द्वीप समूह) से 870 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर स्थित है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, चक्रवात के मंगलवार शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते रहने की प्रबल आशंका है। इसके बाद, इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ने और 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार करने की आशंका है। यह तूफान बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के निकट से गुजरेगा। उस समय यह एक 'अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान' के रूप में होगा, जिसमें हवा की निरंतर गति 115-125 किमी प्रति घंटा होगी, और झोंकों के साथ यह गति 140 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव के कारण 27 और 28 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में, 28 अक्टूबर को ओडिशा में, 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में और 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, 27 और 29 अक्टूबर को ओडिशा में, 28 अक्टूबर को विदर्भ और तेलंगाना में, 30 अक्टूबर को पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में, 29 अक्टूबर को झारखंड में और 29 व 30 अक्तूबर को बिहार में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
चक्रवात ‘अर्णब’ को लेकर योगी सरकार अलर्ट
उधर, चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित असर से उत्तर प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर के बीच बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसको देखते हुए योगी सरकार अलर्ट हो गई है।
मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने जनसामान्य और किसानों के लिए सतर्कता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश सरकार ने संभावित मौसम परिवर्तन के मद्देनजर राहत-बचाव और एहतियाती उपायों पर जोर दिया है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट है। चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर सहित कई क्षेत्रों में वर्षा का अनुमान है। 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई जिलों के साथ बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश व तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
इसके चलते दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आंधी-तूफान के दौरान पक्के भवनों में शरण लेने, पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने व अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के पास जाने से भी बचने को कहा है।
किसानों को लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और सचेत ऐप पर जारी अलर्ट देखते रहने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)