भारी बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार; नालासोपारा, कुर्ला और दादर में गंभीर जलभराव
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों (ठाणे, पालघर और वसई-विरार) में शनिवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते दादर, हिंदमाता, कुर्ला और नालासोपारा जैसे निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया है, जिससे सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। जानिए मुंबई बारिश, लोकल ट्रेन स्टेटस, ट्रैफिक एडवाइजरी और मौसम पूर्वानुमान पर पूरी विस्तृत रिपोर्ट।
मुंबई। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जलभराव के कारण आने-जाने वाले नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
शनिवार रात से जारी तेज बारिश के चलते नालासोपारा रेलवे स्टेशन के पूर्व दिशा में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसके बावजूद यात्री पानी के बीच से गुजरकर अपने गंतव्य की ओर जाने को मजबूर हैं। स्टेशन परिसर में भी यात्रियों की भीड़ देखी जा रही है।
वहीं, बीती रात से वसई-विरार शहर में तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के चलते नालासोपारा शहर के सेंटर पार्क, तुलिंज ब्रिज समेत कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। इससे सुबह के समय वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी तरह, दादर इलाके में भी तेज बारिश जारी है, जिससे आने-जाने वाले नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लगातार बारिश के कारण कुर्ला स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर पानी भर चुका है।
बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार के लिए मुंबई, ठाणे और पालघर में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान, हल्की से मध्यम बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है।
मौसम विभाग ने बताया, "आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिसमें बिजली कड़कने और 40-50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर एक-दो बार तेज बारिश भी हो सकती है।"
रविवार के मौसम को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने भी पोस्ट किया। बीएमसी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।"
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)