बहराइच में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली, तीन आरोपी गिरफ्तार

Oct 19, 2026 - 17:28
0 6
बहराइच में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली, तीन आरोपी गिरफ्तार

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में खैरीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत एसओजी और स्थानीय पुलिस की टीम की शातिर चोरों से मुठभेड़ हो गई। जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
 
जानकारी के अनुसार नानपारा-खैरीघाट मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में खैरीघाट थाने का हिस्ट्रीशीटर आरोपी सम्भारी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इस दौरान पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरी कार में सवार दो बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, खैरीघाट थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग नानपारा जाने वाली सड़क पर इकट्ठा हुए हैं। आशंका थी कि वे चोरी की योजना बना रहे हैं या चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलने के बाद एसओजी प्रभारी और खैरीघाट थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ इलाके में चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान सामने से दोपहिया और चारपहिया वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया, तभी सबसे आगे चल रही कार से एक व्यक्ति नीचे उतरा और पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें हिस्ट्रीशीटर सम्भारी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कार में सवार तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश चौहान, मोहित लाल और अनिल विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वहीं, पीछे चल रही दूसरी कार में सवार दो बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, एक अर्टिगा कार और चोरी के जेवरात व नकदी बरामद हुआ है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और उनके संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। रोकने का प्रयास करने पर एक व्यक्ति ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने फायरिंग की। इसमें एक आरोपी घायल हुआ, जबकि तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। फरार बदमाशों की तलाश में अभियान जारी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User