मेरठ में पत्नी ने प्रेमी संग पति का किया मर्डर, 10 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव, जानिए पूरा मामला...
Knockout Newz Meerut: मेरठ में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद परिवार को फोन कर उसकी मौत हार्ट अटैक से होने की बात बताई। परिवार ने सामान्य मौत मानकर शव दफना दिया था। लेकिन 5 अक्टूबर को मृतक का मोबाइल मिलने के बाद परिजन को पत्नी पर शक हुआ। परिजनों ने सख्ती से पूछताछ की तो पत्नी ने हत्या की बात कबूल कर ली। मृतक की मौत के 10 दिन बाद गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानिए पूरा मामला...
28 सितंबर का यह मामला लोहिया नगर की जाकिर नगर कॉलोनी का है। मृतक तालिब राजमिस्त्री का काम करता था जबकि पत्नी ब्यूटी पार्लर चलाती है।
मुजफ्फरनगर के रसूलपुर-दभेड़ी गांव निवासी जुल्फिकार के बेटे तालिब (30) की शादी 4 साल पहले मेरठ के ब्रह्मपुरी इलाके में अंजुम पैलेस निवासी मोमिन की बेटी इल्मा (27) से हुई थी। दोनों की 3 साल की बेटी है।
तालिब राजमिस्त्री का काम करता था। शादी के बाद वह पत्नी के साथ मेरठ की जाकिर नगर कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहा था। इल्मा पास में स्थित सिग्नेचर स्टाइल ब्यूटी स्टूडियो में काम करती थी।
28 सितंबर को हुई मौत
28 सितंबर को तालिब काम से घर लौटा। शाम करीब 7 बजे इल्मा ने तालिब के मोबाइल से परिवार के लोगों को फोन कर बताया कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई है। जानकारी मिलते ही फतेहुल्लापुर में रहने वाला तालिब का चचेरा भाई अकरम सबसे पहले घर पहुंचा।
इल्मा ने अकरम को बताया कि तालिब काम से लौटने के बाद अचानक बीमार पड़ गया। वह बिस्तर पर लेटा और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। तालिब के परिवार के लोग उसी रात उसका शव मुजफ्फरनगर स्थित पैतृक गांव रसूलपुर-दभेड़ी ले गए।
इल्मा भी परिवार के साथ गांव पहुंची। 29 सितंबर को तालिब के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। इस दौरान इल्मा पति की मौत पर रोती रही। 30 सितंबर को वह ससुराल से वापस मेरठ लौट आई।
तालिब का मोबाइल मिलने के बाद गहराया शक
तालिब की मौत के बाद परिवार के लोगों को हार्ट अटैक से मौत की बात पूरी तरह सही नहीं लग रही थी। इसी वजह से 1 अक्टूबर को तालिब के मामा का बेटा रईस मेरठ स्थित इल्मा के घर पहुंचा। उसने इल्मा से तालिब का मोबाइल मांगा, लेकिन उसने मोबाइल के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया।
इसके बाद रईस ने खुद कमरे में तालिब का मोबाइल तलाशना शुरू कर दिया। तलाशी के दौरान उसे तालिब के एक कपड़े के नीचे मोबाइल मिल गया। रईस ने मोबाइल ऑन कर उसमें मौजूद मैसेज और चैट देखी। मोबाइल में तालिब और अमन के बीच बातचीत मिली।
चैट में तालिब ने अमन को अपनी पत्नी से बात करने से मना किया था। इससे रईस का शक इल्मा पर गहरा गया। इसके बाद उसने इल्मा की मां के सामने ही उससे पूछताछ शुरू कर दी।
इल्मा ने पूछताछ में हत्या की बात कबूली
रईस की पूछताछ में इल्मा ने पति तालिब की हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि तालिब आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। 28 सितंबर को भी काम से लौटने के बाद उसने इल्मा के साथ मारपीट की। इससे नाराज होकर उसने अमन को फोन कर घर बुला लिया। अमन अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा।
इल्मा के मुताबिक, इसके बाद अमन और उसके दोस्त ने तालिब के साथ मारपीट की। इसी दौरान तीनों ने मिलकर तालिब को काबू में कर लिया। इसके बाद अमन ने इल्मा की चुन्नी का इस्तेमाल कर तालिब की जान ले ली।
इल्मा ने बताया कि घटना के बाद अमन ने उसे किसी को कुछ नहीं बताने के लिए कहा। उसी ने परिवार से तालिब की मौत हार्ट अटैक से होने की बात कहने को कहा। इल्मा के मुताबिक, अमन ने यह भी वादा किया था कि उसकी इद्दत पूरी होने के बाद वह उससे निकाह कर लेगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी
CO कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि प्रशासन की मौजूदगी में तालिब की कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट शाम तक मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान एसडीएम भूपेंद्र सिंह और सीओ गजेंद्र सिंह समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)