पटाखों के शोर से डरकर भागा किशोर, गिरने से सिर में चोट लगी, मौत

Nov 10, 2026 - 15:51
Updated: 5 days ago
0 10
पटाखों के शोर से डरकर भागा किशोर, गिरने से सिर में चोट लगी, मौत
किशोर की मौत

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में दिवाली की रात रविवार को पटाखे के तेज धमाके से डरे छह वर्षीय मासूम हर्ष की घर के अंदर भागते समय गिरकर मौत हो गई। शिव शक्ति नगर निवासी प्रिंटिंग प्रेस कर्मी नीरज का बेटा हर्ष घर के दरवाजे पर खड़ा था, तभी पड़ोस में एक युवक ने पटाखा छुड़ाया। पटाखे की भीषण आवाज से मासूम सहम गया। डर के मारे अंदर भागते समय संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान सोमवार को उसने दम तोड़ दिया। जिस घर में दीपावली की रात दीपों की रोशनी और खुशियों का उजाला होना था, वहां अब मातम पसरा है। 

दिल दहला देने वाली यह घटना ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शिव शक्ति नगर की है। दीपावली की रात पड़ोसी यश नाम का युवक भी पटाखे चला रहा था। हर्ष के परिजनों का आरोप है कि युवक प्रतिबंधित पटाखों का इस्तेमाल कर रहा था। इसी बीच जोरदार धमाका हुआ। घर के गेट पर खड़ा हर्ष अचानक घबरा गया और जमीन पर गिर पड़ा। कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया।

केएमसी से आनंद अस्पताल तक दौड़े परिजन

परिजन आनन-फानन में हर्ष को लेकर केएमसी अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने आनंद अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज से उनका बेटा ठीक होकर घर लौट आएगा। मौत से जूझने के बाद सोमवार को हर्ष ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

प्रिंटिंग प्रेस में काम करते हैं पिता

हर्ष के पिता नीरज प्रिंटिंग प्रेस में काम करते हैं। परिवार के लिए दीपावली का त्योहार इस बार कभी न भूलने वाला दुख दे गया। जिस बच्चे की मौजूदगी से घर में रौनक रहती थी, उसकी मौत से पूरा परिवार टूट गया है। मृतक के दादा बिशन स्वरूप का कहना है कि आतिशबाजी के दौरान हुए धमाके ने उनके परिवार की खुशियां छीन लीं। परिजन आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User