13 नवंबर को दुनिया ख़त्म हो जाने की भविष्यवाणी फिर चर्चा में
नई दिल्ली। 13 नवंबर को क्या दुनिया सचमुच ख़त्म हो जाएगी या यह महज सोशल मीडिया और संचार माध्यमों के लिए एक सनसनीखेज खबर बनकर रह जाएगी। आइये जानते हैं इससे जुड़ा मिथक और सच।
ऑस्ट्रियाई-अमेरिकी भौतिक विज्ञानी हाइंज फ़ॉन फ़ॉर्स्टर, पैट्रिशिया मोरा और लॉरेंस एमियट के साथ मिलकर इस सम्बन्ध में शोध किया था। ये तीनों अमेरिकी 'यूनिवर्सिटी ऑफ़ इलिनॉय' के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में काम करते थे। यह शोध चार नवंबर, 1960 को अमेरिका की साइंस मैगज़ीन में प्रकाशित हुआ था, जिसका शीर्षक था, 'अंतिम दिन : शुक्रवार, 13 नवंबर'। अध्ययन में पृथ्वी पर आबादी के भविष्य का आकलन किया गया था।
शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में कहा था कि अगर वैश्विक आबादी उसी रफ़्तार से बढ़ती रही, जैसा कि उन्होंने क़रीब दो हज़ार साल के आंकड़ों में देखा था, तो उनके मैथेमेटिकल मॉडल के अनुसार नवंबर 2026 में इंसानों की संख्या सैद्धांतिक रूप से 'अनंत' (इन्फिनिटी) तक पहुंच जाएगी। क्या शोधकर्ता वास्तव में मानव जाति के विनाश की बात कर रहे थे। क्या इस तारीख़ का कोई वैज्ञानिक महत्व है, जो पृथ्वी पर किसी वैश्विक आपदा या जीवन ख़त्म करने वाली घटना का संकेत देता हो?
यह कहानी कहां से शुरू हुई?
शोधकर्ताओं ने दुनिया की आबादी से जुड़े ऐतिहासिक अनुमानों का इस्तेमाल किया। इसमें 24 अनुमान शामिल थे, जो ईसवी सन् की शुरुआत से लेकर 1958 तक के थे। इनके ज़रिए उन्होंने यह समझने की कोशिश की कि इतिहास में इंसानों की आबादी किस तरह बढ़ी। शोधकर्ता यह मानकर नहीं चले कि आबादी एक निश्चित दर से बढ़ती है. इसके बजाय उन्होंने एक ऐसा मैथेमेटिकल मॉडल पेश किया, जो तेज़ी से बढ़ती आबादी यानी 'हाइपरबोलिक ग्रोथ' की अवधारणा पर आधारित था। इसमें न सिर्फ़ आबादी बढ़ती है, बल्कि समय के साथ उसके बढ़ने की रफ़्तार भी तेज़ होती जाती है.
साल 1960 में साइंस मैगज़ीन में छपे आबादी से जुड़े अध्ययन में ऐसा कोई सबूत नहीं दिया गया है, जो 13 नवंबर 2026 की तारीख़ को सौर गतिविधियों या भूगर्भीय और जलवायु संबंधी आपदाओं से जोड़ता हो.
किसी असाधारण घटना के संकेत नहीं
13 नवंबर 2026 को पृथ्वी के लिए किसी खगोलीय ख़तरे से जुड़े दावों की पड़ताल करते हुए खगोलविद इमाद मुजाहिद ने कहा कि इस साल सौर गतिविधियां अपने चरम पर पहुंच रही हैं। हालांकि, वैज्ञानिक दशकों से इस घटना के बारे में पहले से जानते हैं और यह न तो कोई अचानक होने वाली घटना है और न ही कोई अप्रत्याशित बदलाव। आगामी 13 नवंबर को ऐसी कोई ज्ञात या अनुमानित खगोलीय घटना नहीं है, जिससे पृथ्वी की सुरक्षा को लेकर चिंता या डर पैदा हो।
1960 की गणना सही क्यों साबित नहीं हुई?
पुराने समीकरण को 2026 की वास्तविक परिस्थितियों पर लागू करने में सबसे बड़ी समस्या यह मान लेना है कि आबादी बढ़ने का पुराना तरीक़ा बिना किसी बड़े बदलाव के जारी रहेगा, लेकिन पिछले कई दशकों में दुनिया में जनसांख्यिकीय, सामाजिक और आर्थिक स्तर पर बड़े बदलाव हुए हैं। इनका सीधा असर प्रजनन दर, मृत्यु दर और आबादी की वृद्धि पर पड़ा है। आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया की आबादी बढ़ने की दर 1960 के दशक में अपने चरम पर थी। इसके बाद इसमें धीरे-धीरे गिरावट आने लगी। इसका मतलब है कि आबादी में वास्तविक वृद्धि का रुझान उस मॉडल के मुताबिक़ जारी नहीं रहा, जिसका इस्तेमाल शोधकर्ताओं ने 1960 में किया था।
संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक मामलों के विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट 'वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रॉस्पेक्ट्स 2024' के मुताबिक़, दुनिया की आबादी 2024 में क़रीब 8.2 अरब से बढ़कर इस सदी के 2080 के दशक के मध्य तक लगभग 10.3 अरब हो जाने का अनुमान है। इसके बाद इसमें धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी और 2100 तक यह क़रीब 10.2 अरब रह जाएगी।
वास्तविकता
यह कोई वास्तविक प्रलय की भविष्यवाणी नहीं थी, बल्कि जनसंख्या वृद्धि के खतरों को समझाने के लिए किया गया एक काल्पनिक गणितीय मॉडल था। वास्तविक जीवन में जनसंख्या वृद्धि की गति समय के साथ स्थिर होती है, इसलिए इस दावे का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)