मेरठ में हाईवे पर रोडवेज बस खड़े ट्रक में घुसी, बस की महिला परिचालक की मौत

Nov 06, 2026 - 15:01
Updated: 5 days ago
0 4
मेरठ में हाईवे पर रोडवेज बस खड़े ट्रक में घुसी, बस की महिला परिचालक की मौत

मेरठ। मेरठ-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार तड़के घने कोहरे के बीच हादसा हो गया। वलीदपुर गांव के पास हाईवे किनारे खड़े रोडी से लदे ट्रक में मेरठ डिपो की रोडवेज बस पीछे से जा घुसी। बस ऋषिकेश से मेरठ आ रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस की परिचालक साइड के परखचे उड़ गए। दुर्घटना में महिला परिचालक 22 वर्षीय पूर्वा की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री घायल हो गया। बस में सवार यात्री सुरक्षित रहे। 

घने कोहरे के चलते चालक को नहीं दिखा ट्रक

दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब चार बजे हुई। हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता अत्यंत कम थी। रोड़ी से भरा ट्रक हाईवे किनारे खड़ा था। कम दृश्यता के कारण बस चालक मुजफ्फरनगर निवासी अमरपाल को ट्रक दिखाई नहीं दिया और बस सीधे पीछे से उसमें जा घुसी, जिससे परिचालक साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बुलंदशहर निवासी यात्री विशाल घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी।

बस में फंसी परिचालक ने तोड़ा दम

पुलिस दुर्घटनास्थल  पर पहुंची। बस में फंसी महिला परिचालक पूर्वा के शव को बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पूर्वा शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र के कासोपुर गांव की रहने वाली थी। हादसे में घायल यात्री विशाल को उपचार के लिए भेजा गया। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि हादसे में महिला परिचालक की मौत हुई है, जबकि बस में सवार अन्य यात्री सुरक्षित हैं। घायल यात्री का उपचार कराया गया है। सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे की जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User