मंद हवा के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक 462 पहुंचा, एक्यूआई 462 दर्ज
मेरठ : मौसम का रुख बदलने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवा की गुणवत्ता लगातार ख़राब रही। मंद हवा के कारण प्रदूषण शहरों को अपनी आगोश में लिए रहा। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई ) दिन में खराब श्रेणी में रहता है और रात होते-होते गंभीर स्तर पर पहुंच रहा। गुरुवार रात शहर का रियल टाइम एक्यूआई 462 दर्ज किया गया, जबकि गांधीनगर में यह आंकड़ा 485 तक पहुंच गया। शहर के कई दूसरे इलाकों में भी एक्यूआई 450 के पार रहा। मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए दीपावली तक प्रदूषण से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद कम है।
हवा की रफ्तार चार से छह किलोमीटर प्रतिघंटा है
नवंबर की शुरुआत से ही मेरठ में हवा की रफ्तार चार से छह किलोमीटर प्रतिघंटा के बीच बनी हुई है। तापमान में गिरावट और हवा की धीमी गति प्रदूषण बढ़ने की बड़ी वजह बन रही है। वाहनों, उद्योगों और अन्य स्रोतों से निकलने वाले प्रदूषक वातावरण में जमा हो रहे हैं। हवा की रफ्तार इतनी कम है कि ये कण एक स्थान से दूसरे स्थान तक नहीं पहुंच पा रहे। नतीजतन शहर के ऊपर प्रदूषण की परत लगातार मोटी होती जा रही है।
दिन में खराब, रात में गंभीर हो रही हवा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के गुरुवार शाम चार बजे जारी बुलेटिन में मेरठ का बीते 24 घंटे का एक्यूआई 266 दर्ज किया गया। यह खराब श्रेणी में है। शहर के चारों निगरानी केंद्रों पर पीएम-10 और पीएम-2.5 का स्तर भी 300 से 450 के बीच बना हुआ है। हालांकि रियल टाइम आंकड़े रात में स्थिति की गंभीरता को और स्पष्ट कर रहे हैं।
वेबसाइट एक्यूआई डॉट इन के मुताबिक गुरुवार रात नौ बजे मेरठ का औसत रियल टाइम एक्यूआई 462 रहा। अलग-अलग इलाकों की स्थिति देखें तो गांधीनगर 485 के साथ सबसे प्रदूषित रहा। सदर बाजार में 464, मेरठ कैंट में 461, कसेरुबक्सर में 459, अब्दुल्लापुर के जयभीम नगर में 456, मोदीपुरम में 452, पांडव नगर में 468 और राधा गार्डन में 439 एक्यूआई दर्ज किया गया। यानी शहर के अधिकांश इलाकों में हवा सांस लेने के लिहाज से बेहद खराब स्थिति में पहुंच चुकी है।
हवा का रुख बदला तो बढ़ सकती है मुश्किल
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर संभावित पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मैदानी इलाकों में हवा का रुख बदल सकता है। फिलहाल हवा की गति में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। ऐसे में प्रदूषकों के वातावरण में जमा रहने और प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका है। दीपावली तक मौसम की यही स्थिति बनी रही तो लोगों को जहरीली हवा से राहत मिलना मुश्किल होगा।
दिन और रात के तापमान में भी बढ़ोतरी
प्रदूषण के बीच तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरुवार को मेरठ का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से क्रमशः 1.2 और 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)