सुप्रीम कोर्ट की ईडी को फटकार, कहा- 'आजम को जमानत पर रहने दें, आसमान नहीं टूट पड़ेगा'
नई दिल्ली। सपा नेता आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ बुधवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंची ईडी को जज ने फटकार लगाई। जज ने कहा कि इतनी जल्दी क्या है, आजम को जमानत पर रहने दीजिए, कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा। ईडी मामले में तुरंत सुनवाई की मांग कर रही थी।
ईडी के वकील एएसजी एसवी राजू ने कोर्ट से कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आदेश जल्दबाजी में पारित किया। हमें पूरा जवाब दाखिल करने का समय भी नहीं मिला। यह अंतरिम नहीं, अंतिम आदेश जैसा था। इसलिए इस मामले को तुरंत ही सुना जाना चाहिए।
सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने मामले को गुरुवार को सुनने के लिए कहा तो एएसजी राजू ने कहा- तब तक रिहाई पर रोक लगा दीजिए, वरना वह जेल से बाहर आ जाएंगे। बेंच ने तुरंत ही इस मांग को ठुकरा दिया।
इससे पहले, हाईकोर्ट ने आजम को जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 426 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में मंगलवार को अंतरिम जमानत दे दी थी। उनकी आज यानी बुधवार को जेल से रिहाई हो सकती है। आजम एक साल बाद जेल से बाहर आएंगे।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को बड़ी राहत मिली है। गाजियाबाद की सीजेएम कोर्ट में बुधवार को उनकी जमानत से जुड़ी सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गईं। इसके बाद उनका रिहाई परवाना डासना जेल के लिए रवाना कर दिया गया। माना जा रहा है कि शाम 7 बजे तक वह जेल से बाहर आ सकते हैं। कोर्ट ने जमानत के लिए 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और 50 हजार रुपये के निजी मुचलके की शर्त रखी थी।
इस मामले में शहनवाज और जुनैद जमानती बने। दोनों की ओर से 50-50 हजार रुपये की एफडी भी जमा कराई गई। इसके साथ ही अदालत के निर्देश के अनुसार एक शपथपत्र भी दाखिल किया गया। आजम खान के वकीलों ने जमानत से जुड़ी सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं समय पर पूरी कर दीं, जिसके बाद रिहाई की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
पत्नी ने बताया सच्चाई की जीत
आजम खान की रिहाई पर पत्नी तजीन फातमा ने कहा कि मुझे हमेशा अल्लाह पर बहुत भरोसा रहा कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा। जब जुल्म का प्याला भर जाता है, तो अन्याय अपनी हद तक पहुंच जाता है। जिस तरह आजम साहब को जेल के गेट से ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ले गई, वह शायद जुल्म की आखिरी हद थी। मुझे भरोसा था कि न्याय मिलेगा।"
उन्होंने कहा, "यह ज़ुल्म की इंतहा थी और एक तरह से इंसानियत का कत्ल था। यह अदालत के आदेश की अवमानना भी थी क्योंकि अदालत ने उसी दिन उनकी रिहाई का आदेश दिया था। यह सच और न्याय की जीत है। हमें न्याय दिलाने के लिए मैं माननीय उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय का शुक्रिया अदा करती हूं।"
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)