जेल से निकलने के बाद आज़म ख़ान ने कहा, 'मुसलमान होने के नाते मुझे परेशान किया गया'

Nov 19, 2026 - 14:17
Updated: 5 days ago
0 2
जेल से निकलने के बाद आज़म ख़ान ने कहा, 'मुसलमान होने के नाते मुझे परेशान किया गया'
आज़म ख़ान

रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद बुधवार देर शाम रामपुर पहुंचे। इस दौरान आज़म ख़ान भावुक दिखे। उन्होंने भावुक अंदाज़ में कहा कि 'अब चुनाव नहीं होगा, इंक़लाब होगा। आज़म ख़ान को एक दिन पहले इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ईडी की ओर से दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में अंतरिम ज़मानत दी थी। 

हालांकि आज़म ख़ान की रिहाई के कुछ घंटे बाद ही इस आदेश पर रोक लगाने के लिए ईडी सुप्रीम कोर्ट पहुंची और तत्काल सुनवाई की मांग की थी, लेकिन अदालत ने ये मांग स्वीकार नहीं की। 

रामपुर में अपने घर पहुंचने पर आज़म ख़ान ने कहा कि वही ख़ालिक़, वही मालिक। कोर्ट के फ़ैसले और अपनी रिहाई पर उन्होंने कहा, "बधाई उन लोगों के लिए है जो संविधान, क़ानून, लोकतंत्र और इंसाफ़ में विश्वास रखते हैं। आज मैं उन सभी को बधाई देता हूं, अदालत का शुक्रिया अदा करता हूं। अब मेरा यह विश्वास और मज़बूत हो गया है कि देश तो आज़ाद है, लेकिन संविधान क़ैद है। हम सभी को मिलकर संविधान की आज़ादी की मांग करनी चाहिए।"

उनकी रिहाई पर उनके समर्थकों का भारी हुजूम इकट्ठा हुआ था और जब पत्रकारों ने उनसे प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने विधानसभा चुनावों की ओर इशारा करते हुए कहा कि चुनाव नहीं होगा, इंक़लाब होगा. बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा।  अब लोग जाति या धर्म के नाम पर चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ा जाएगा। 

उन्होंने कहा कि हम जैसे लोग संविधान के लिए हमेशा जान देने को तैयार रहते हैं। क्या मैं माफ़िया हूं? मैंने बच्चों के लिए स्कूल खोले, एक यूनिवर्सिटी बनाई। अगर ऐसा काम करने वाला शख़्स माफ़िया हो सकता है, अगर 'मुर्ग़ी चोर', 'बकरी चोर', 'भैंस चोर' ईडी के गुनहगार हो सकते हैं, तो मैं अल्लाह से दुआ करता हूं कि हर गली में एक 'मुर्ग़ी चोर' हो, ताकि वह एक यूनिवर्सिटी बना सके। सभी संवैधानिक संस्थाओं को यह मान लेना चाहिए कि उनकी साख़ ख़त्म हो रही है। उन्हें अपनी साख़ बचानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमान होने के नाते उन्हें परेशान किया गया। 

आज़म ख़ान ने कहा कि एक ऐसे शख़्स को परेशान किया गया जिसका रिकॉर्ड बेदाग़ है। मैंने तालीम का एक मंदिर बनाया, लेकिन मुसलमान होने की वजह से सरकारों ने उस तालीम के मंदिर को भी भारी नुक़सान पहुंचाया। सरकारों ने जो कुछ किया, वह ग़लत था। मेरा मानना है कि लोगों ने आज़ादी के नारे लगाने शुरू कर दिए हैं। लोग आज़ादी के नारे लगा रहे हैं, जबकि हम पहले से ही आज़ाद हैं, लेकिन असल में हमें संविधान को आज़ाद कराने की ज़रूरत है। जब तक संविधान आज़ाद नहीं होगा, तब तक इंसाफ़ नहीं मिलेगा। अगर मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद ख़ान के ज़माने में ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग या विकास प्राधिकरण होता, तो मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद ख़ान भी जेल में होते और यूनिवर्सिटी नहीं बना पाते। 

सारे मुकदमें हटेंगे- अखिलेश यादव

ज़मानत का फ़ैसला आने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि अगर उनकी सरकार आती है तो आज़म ख़ान पर लगे सारे मुकदमें वापस लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं इसके लिए आभारी हूं कि उन्हें अदालत से इंसाफ़ मिला है।  कई साल से सरकार लगातार आज़म ख़ान और उनके परिवार के साथ नाइंसाफ़ी करती आ रही है। 

राकेश टिकैत ने कहा - मुसलमान होने के नाते आज़म ख़ान को जेल में डाला गया

सपा नेता आज़म ख़ान की रिहाई पर भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत ने आज़म ख़ान का समर्थन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमान होने के नाते आज़म ख़ान को जेल में डाला गया। कितने ही मामलों में उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की गई है, उनसे भी ज़्यादा गंभीर और जघन्य अपराधों में शामिल लोग खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन उन्हें जेल में डाल दिया गया, क्योंकि वह मुसलमान हैं। वे दिखाना चाहते हैं कि वे मुसलमानों को निशाना बनाएंगे। उन्होंने हैदराबाद के उस शख़्स के ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं की, जो यहां लगातार भड़काऊ बयान देता रहता है। मुझे नहीं पता भाई, हम उसका नाम नहीं जानते। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User