असम में बड़ा रेल हादसा, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतरे

Nov 11, 2026 - 10:46
Updated: 1 day ago
0 5
असम में बड़ा रेल हादसा, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतरे
असम में बड़ा रेल हादसा

गुवाहाटी। असम में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में दिगारू रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुताबिक, हादसे में किसी यात्री की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है।

सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा

रेलवे की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस दिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोकी जा रही थी। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सके और इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।

सभी यात्री सुरक्षित, दूसरी ट्रेन का इंतजाम

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने स्पष्ट किया है कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई है। रेलवे की राहत एवं बचाव टीमें घटनास्थल पर तत्काल पहुंच गईं और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

हादसे की जानकारी मिलते ही पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। अधिकारी मौके पर रहकर राहत, बचाव और रेल परिचालन बहाली के कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

रेल यातायात बहाल करने की कोशिश जारी

हादसे के बाद प्रभावित रेलखंड पर बहाली का काम शुरू कर दिया गया है। रेलवे की टीमें पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और रेल परिचालन सामान्य करने में जुटी हैं। हादसे के कारणों और रेल यातायात पर इसके प्रभाव को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
चौधरी

( कंटेंट राइटर )

Comments (0)

User