फारस की खाड़ी में तेल टैंकर पर हमला, एक भारतीय समेत 4 नाविक घायल
नई दिल्ली। फारस की खाड़ी में लाइबेरिया के झंडे वाले तेल टैंकर 'एमटी फुजैराह एनर्जी' पर हमले से हड़कंप मच गया। हमले में एक भारतीय समेत चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए।जहाज पर कुल छह भारतीय नाविक सवार थे। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि घायल भारतीय नाविक को मामूली चोट आई है और उसे सुरक्षित रूप से किनारे लाकर मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। जहाज पर सवार बाकी पांच भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
अल-रुवाइस से दुबई जा रहा था टैंकर
जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर को लाइबेरिया के झंडे वाला विशाल तेल टैंकर 'एमटी फुजैराह एनर्जी' अल-रुवाइस से दुबई की ओर जा रहा था। इसी दौरान फारस की खाड़ी में किसी प्रोजेक्टाइल से जहाज पर हमला किया गया। हमले में चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए।
जहाज पर सवार थे 24 क्रू मेंबर
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के अनुसार, जहाज पर कुल 24 क्रू मेंबर मौजूद थे, जिनमें छह भारतीय नागरिक शामिल थे। घायल भारतीय नाविक को सुरक्षित निकालकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई है। वहीं, बाकी 18 क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। इनमें पांच अन्य भारतीय नाविक भी शामिल हैं।
नाविकों की सुरक्षा पर लगातार नजर
सोनोवाल ने कहा कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। सरकार जहाज का संचालन करने वाली प्रबंधन कंपनी के संपर्क में है, ताकि सभी नाविकों की सुरक्षा, चिकित्सा देखभाल और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
पश्चिम एशिया में बढ़ रही समुद्री हमलों की चिंता
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फारस की खाड़ी जैसे रणनीतिक समुद्री मार्ग से बड़ी संख्या में तेल और अन्य सामान का परिवहन होता है। ऐसे में इन मार्गों पर होने वाले हमलों का असर अंतरराष्ट्रीय व्यापार के साथ समुद्री जहाजों पर काम करने वाले भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर भी पड़ सकता है।
ब्लैक सी क्षेत्र में भी भारतीयों की मौत
इससे पहले 3 नवंबर को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया था कि पश्चिम एशिया संघर्ष में भारत के 23 नागरिकों की जान जा चुकी है। उन्होंने ब्लैक सी क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों पर हुए हमलों में पांच भारतीय नागरिकों की मौत और दो अन्य के लापता होने की भी पुष्टि की थी।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच विदेशी समुद्री जहाजों पर तैनात भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)