डोनाल्ड ट्रंप ने की प्रधानमंत्री मोदी की सराहना, बोले- वे एक बेहद सख्त और मजबूत नेता हैं

Nov 17, 2026 - 17:46
Updated: 5 days ago
0 15
डोनाल्ड ट्रंप ने की प्रधानमंत्री मोदी की सराहना, बोले- वे एक बेहद सख्त और मजबूत नेता हैं

मनीला। ट्रंप ने क्वाड समिट में प्रधानमंत्री मोदी की जमकर सराहना की। ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को बहुत टफ मैन बताया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह साल हमारे लिए काफी अहम रहा है।

फिलीपींस की राजधानी मनीला में क्वाड नेताओं के साथ बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्हें 'बहुत टफ मैन' बताया है। ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बेहद मजबूत व्यक्तित्व वाले नेता हैं और उनके साथ अमेरिका के अच्छे संबंध हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि क्वाड के सदस्य देश एक साथ सैन्य युद्धाभ्यास करेंगे।

इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका के पास दुनिया की सबसे शक्तिशाली पनडुब्बियां हैं। ट्रंप ने कहा कि अगले 12 महीने में दुनिया को चौंकाने वाले काम करने वाले हैं। हम बहुत बड़ा काम कर रहे हैं। सप्लाई चैन को और मजबूत करेंगे।

ये सभी बहुत शानदार लोग: ट्रंप

पीएम मोदी की तारीफ करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "वे (पीएम मोदी) बहुत टफ मैन हैं। हो सकता है कि वे (जापानी पीएम सनाए ताकाइची) उनसे भी ज्यादा सख्त हों। हम भी ठीक हैं।" ट्रंप ने आगे कहा, "इन लोगों और इन देशों के साथ हमारे शुरुआत से ही बहुत अच्छे संबंध हैं। मैं काफी लंबे समय से इन तीनों के साथ जुड़ा रहा हूं। ये सभी बहुत शानदार लोग हैं। ये मेरे दोस्त हैं। इससे काफी मदद मिलती है।

यह साल हमारे लिए काफी अहम: ट्रंप

क्वाड नेताओं के साथ बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "यह साल हमारे लिए काफी अहम रहा है। क्वाड का पुनरुद्धार हुआ है, हमारा सहयोग बढ़ा है और हमारी दोस्ती और भी गहरी हुई है। हम सभी दोस्त हैं। इससे चीजें काफी आसान हो जाती हैं। ये देश दुनिया की कुछ सबसे महत्वपूर्ण साझेदारियों का प्रतिनिधित्व करते हैं। हम दुनिया के सबसे सफल देशों में से हैं और कुछ मायनों में दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में से भी हैं। हमारे देश एक स्वतंत्र, खुले, स्थिर और अत्यंत समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के चार स्तंभ हैं। हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं और हम क्षेत्रीय सुरक्षा तथा आर्थिक कूटनीति के मामलों पर मिलकर काम करते हैं।"

साल 2027 में होगी क्वाड देशों की आर्थिक बैठक

ट्रंप ने कहा कि भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच बने क्वाड समूह के सभी देशों के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। अमेरिका इस समूह में बड़े पैमाने पर निवेश करेगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि साल 2027 में क्वाड देशों की आर्थिक बैठक आयोजित की जाएगी। ट्रंप के इन बयानों को क्वाड के सदस्य देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

क्वाड चार देशों- भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का रणनीतिक समूह है। ये बैठक आज फिलीपींस की राजधानी मनीला शहर में हुई। क्वाड समिट का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना और क्षेत्रीय सुरक्षा एवं स्थिरता को मजबूत करना है। इसके साथ ही मनीला में ASEAN-इंडिया समिट का आयोजन किया गया है। इसमें पीएम मोदी समेत कई वैश्विक नेताओं ने हिस्सा लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
विवेक कुमार

विवेक कुमार - ( सोशल मीडिया मैनेजर) पत्रकारिता में 10 साल से सक्रिय विवेक कुमार नॉकआउट न्यूज डिजिटल में सोशल मीडिया मैनेजर पर कार्यरत है. जनवाणी, शारदा एक्सप्रेस, अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिन्द आत्मा में अलग-अलग पद पर कार्य किया हैं.

Comments (0)

User