यूरोप के आल्प्स पर्वतों के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी 64 किलोमीटर रेल सुरंग

Nov 11, 2026 - 15:17
Updated: 5 days ago
0 8
यूरोप के आल्प्स पर्वतों के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी 64 किलोमीटर रेल सुरंग
दुनिया की सबसे लंबी 64 किलोमीटर रेल सुरंग

नई दिल्ली। यूरोप के आल्प्स पर्वतों के नीचे दुनिया की सबसे लंबी रेलवे सुरंग बनाई जा रही है। करीब 64 किलोमीटर लंबी ब्रेनर बेस टनल ऑस्ट्रिया और इटली को रेल मार्ग से जोड़ेगी। इस सुरंग के बनने से दोनों देशों के बीच रेल यात्रा का समय 80 मिनट से घटकर महज 25 मिनट रह जाएगा।

यानी यात्रियों के समय में करीब 69 प्रतिशत की बचत होगी। यह परियोजना न केवल इंजीनियरिंग का शानदार उदाहरण होगी, बल्कि उत्तरी और दक्षिणी यूरोप के बीच रेल संपर्क को भी नई गति देगी।

11 देशों के विशेषज्ञ मिलकर बना रहे सुरंग

ऑस्ट्रिया के टायरोल क्षेत्र में स्थित स्टाइनाख एम ब्रेनर दुनिया की सबसे बड़ी निर्माण परियोजनाओं में शामिल हो गया है। यहां आल्प्स पर्वत के नीचे ब्रेनर बेस टनल का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना में यूरोप के 11 देशों के लोग और कई बड़ी निर्माण कंपनियां काम कर रही हैं।

परियोजना में शामिल कंपनियों में हेरेनक्नेक्ट भी प्रमुख है। इसकी आठ विशाल सुरंग खोदने वाली मशीनें पहाड़ों के भीतर रास्ता बनाने में लगी हैं। परियोजना प्रबंधक सेबेस्टियन रीमैन के अनुसार, यह यूरोपीय सहयोग और इंजीनियरिंग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

64 किलोमीटर लंबी होगी रेल सुरंग

निर्माण कंपनी वेबिल्ड के अनुसार, इस परियोजना में चार निर्माण खंडों पर काम किया जा रहा है। पूरी होने के बाद यह दुनिया की सबसे लंबी भूमिगत रेलवे सुरंगों में शामिल होगी।

यह सुरंग इटली के फोर्टेजा और ऑस्ट्रिया के इंसब्रुक को जोड़ेगी। इसकी दो मुख्य सुरंगों की लंबाई करीब 55 किलोमीटर होगी। मौजूदा इन घाटी सुरंग को शामिल करने पर इसकी कुल लंबाई लगभग 64 किलोमीटर हो जाएगी।

80 मिनट का सफर 25 मिनट में होगा पूरा

ब्रेनर बेस टनल की सबसे बड़ी खासियत यात्रा के समय में होने वाली कमी है। अभी इस मार्ग पर रेल से सफर करने में करीब 80 मिनट लगते हैं। नई सुरंग तैयार होने के बाद यही दूरी लगभग 25 मिनट में पूरी की जा सकेगी।

इससे यात्रियों के साथ-साथ मालगाड़ियों को भी फायदा होगा। यूरोप के उत्तर और दक्षिण के बीच माल परिवहन तेज और सुविधाजनक हो सकेगा। साथ ही सड़क मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

पहाड़ों के नीचे सुरंग बनाने की क्यों पड़ी जरूरत?

ब्रेनर दर्रा आल्प्स पर्वत श्रृंखला में समुद्र तल से करीब 1,370 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह इटली के अल्टो अडिजे और ऑस्ट्रिया के टायरोल क्षेत्रों को जोड़ता है। यह मार्ग दोनों देशों के बीच सड़क परिवहन और भारी मालवाहक वाहनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

मौजूदा ब्रेनर रेलवे लाइन की शुरुआत 24 अगस्त 1867 को हुई थी। पहाड़ी ढलानों और घुमावदार रास्तों के कारण इस पुराने रेल मार्ग को आधुनिक जरूरतों के मुताबिक उन्नत करना मुश्किल है। इसी समस्या को देखते हुए पहाड़ों के आधार के नीचे से नई सुरंग बनाने का फैसला किया गया।

11.7 अरब यूरो तक पहुंची परियोजना की लागत

ब्रेनर बेस टनल परियोजना की लागत में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। परियोजना को वर्ष 2009 में मंजूरी मिली थी। उस समय 2006 की कीमतों के आधार पर इसकी अनुमानित लागत करीब 6 अरब यूरो थी और इसे 2025 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था।

हालांकि, निर्माण में देरी के कारण अब इसके उद्घाटन का लक्ष्य 2034 तक बढ़ा दिया गया है। परियोजना की अनुमानित लागत भी बढ़कर 11.7 अरब यूरो हो गई है। परियोजना को पूरा होने में अभी कई साल और लगेंगे, लेकिन इसके तैयार होने से यूरोप के रेल परिवहन में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
चौधरी

( कंटेंट राइटर )

Comments (0)

User