अमेरिका में 'मिसिसिपी का चमत्कार' : 180 लोगों से भरी क्रूज बोट टैंकर की टक्कर से पलटी, बचे सभी यात्री 

Nov 14, 2026 - 15:05
Updated: 5 days ago
0 3
अमेरिका में 'मिसिसिपी का चमत्कार' : 180 लोगों से भरी क्रूज बोट टैंकर की टक्कर से पलटी, बचे सभी यात्री 
क्रूज बोट टैंकर की टक्कर से पलटी

न्यू ऑरलियन्स। अमेरिका की मिसिसिपी नदी में एक टैंकर डॉक पर खड़ी क्रूज बोट को टकरा गया। दुर्घटना में जहाज पलट गया और कई लोग नदी में गिर गए, लेकिन बचाव दल ने सभी 180 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मेयर ने इसे 'मिसिसिपी का चमत्कार' बताया। 

दुर्घटना की वजह

स्टीयरिंग फेल होने की वजह से एक टैंकर डॉक पर खड़ी अमेरिकन हेरिटेज क्रूज बोट से टकरा गया, जिससे जहाज में पानी भरने लगा और वह पलट गया। कई यात्री नदी में गिर गए, लेकिन बड़ा रेस्क्यू मिशन चलाकर सभी 180 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। 32 लोगों को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन किसी की भी हालत गंभीर नहीं बताई गई है। 

दुर्घटना न्यू ऑरलियन्स में उस समय हुई जब 'अटलांटिक एस्फाल्ट' नामक टैंकर डॉक पर खड़े 'अमेरिकन हेरिटेज' क्रूज बोट से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के बनाए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक बड़ा सा टैंकर सीधे क्रूज शिप से टकराता है, जिससे क्रूज के हिस्से टूटकर बिखर जाते हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद टगबोट ऑपरेटर, बंदरगाह कर्मचारी, पुलिसकर्मी और अन्य बचावकर्मी दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों के मुताबिक टक्कर लगने के कुछ ही मिनटों बाद क्रूज बोट एक तरफ झुकने लगी। जब तक आपातकालीन दल सभी लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे थे, तब तक जहाज पलट चुका था। हादसे के दौरान दर्जनों यात्री और कम से कम दो पुलिस अधिकारी मिसिसिपी नदी में गिर गए। 19 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले पानी से उन्हें नजदीकी जहाजों की मदद से बाहर निकाला गया। 

मेयर ने कहा- 'मिसिसिपी का चमत्कार'

न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा 'एक भी व्यक्ति लापता नहीं है, यह वास्तव में मिसिसिपी का चमत्कार है।' अधिकारियों के अनुसार जहाज पर मौजूद सभी 180 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों का हिसाब मिल गया है। हादसे में 32 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई। मेयर मोरेनो के अनुसार कई यात्रियों के पहचान-पत्र, मोबाइल फोन और वाहन की चाबियां हादसे में खो गईं। अधिकतर यात्री दूसरे शहरों से आए थे। उन्होंने कहा कि कई लोगों के पास फोन तक नहीं बचे थे और उन्हें अपने परिवारों को सुरक्षित होने की सूचना देने में परेशानी हो रही थी। प्रशासन ने भोजन, होटल और परिवहन की व्यवस्था शुरू की है। 

8 दिन की यात्रा पूरी कर रही थी क्रूज; चीनी समूह से जुड़ा है टैंकर

अमेरिकन हेरिटेज नामक क्रूज बोट का निर्माण 2015 में हुआ था और इसका संचालन अमेरिकन क्रूज लाइन्स करती है। पांच मंजिला यह जहाज 150 यात्रियों को ले जाने की क्षमता रखता है। यह मिसिसिपी नदी के विभिन्न गंतव्यों को कवर करने वाली आठ दिवसीय यात्रा पूरी कर न्यू ऑरलियन्स पहुंची थी। हादसा ठीक उस समय हुआ जब कई यात्री उतरने की तैयारी कर रहे थे। करीब 520 फीट लंबा एस्फाल्ट टैंकर पर मार्शल आइलैंड्स के झंडे के तहत संचालित हो रहा था। अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के रिकॉर्ड के अनुसार इसका स्वामित्व लाइबेरिया में पंजीकृत कंपनी नेव शिपिंग एसए के पास है। समुद्री ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म के अनुसार यह कंपनी चीन स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन समूह से जुड़ी है। यह टैंकर एस्फाल्ट और बिटुमेन जैसे सड़क निर्माण में उपयोग होने वाले पदार्थों के परिवहन में विशेष रूप से प्रयुक्त होता है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User