आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसा: ट्रक में घुसी अयोध्या से सूरत जा रही मिनी बस, 2 की मौत और 11 घायल
आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। फतेहाबाद क्षेत्र में अयोध्या से गुजरात के सूरत जा रही यात्रियों से भरी मिनी बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 13 लोग घायल हो गए। इनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 11 घायलों का एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
सुबह 4 बजे ट्रक से टकराई मिनी बस
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 4 बजे मिनी बस अयोध्या से आगरा की ओर जा रही थी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। वाहन को गुजरात के सूरत निवासी धीरज पाटिल चला रहे थे।
फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 27 के पास मिनी बस आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए।
गैस कटर से काटनी पड़ी बस की खिड़की
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद से खिड़की काटी गई।
इसके बाद सभी 13 घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान दो यात्रियों ने तोड़ा दम
अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान:
- प्रदीप सिंह (55 वर्ष), पुत्र किशोर।
- जनकबेन (लगभग 58 वर्ष), पत्नी कीरत सिंह।
दोनों गुजरात के सूरत जिले के कीम थाना क्षेत्र के कीम बुलाओ गांव के निवासी थे।
11 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल 11 अन्य यात्रियों को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस को यात्रियों के सामान सहित पुलिस चौकी पर खड़ा कराया गया है। वाहन चालक धीरज पाटिल की निगरानी में उसे रखा गया है।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस दुर्घटना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)