छठ पर श्रद्धालुओं को मिलेगी खास सुविधा,मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में छठ पूजा को लेकर योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाए। इसके लिए सभी जिलों में छठ घाटों पर जरूरी इंतजाम समय से पूरे करने को कहा गया है।
15 और 16 नवंबर को होगा छठ पूजा का अर्घ्य
छठ पूजा के दौरान 15 नवंबर की शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण होगा। वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, लखनऊ, गाजियाबाद और कानपुर समेत कई जिलों में छठ पूजा बड़े स्तर पर मनाई जाती है।
घाटों पर सफाई और रोशनी की व्यवस्था
सीएम योगी ने अधिकारियों को सभी प्रमुख घाटों और पूजा स्थलों का पहले से निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और आने-जाने वाले रास्तों को ठीक कराया जाएगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए पीने का साफ पानी, शौचालय और महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए अलग कमरे बनाए जाएंगे।
घाटों पर सुरक्षा के लिए होगी बैरिकेडिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों और तालाबों में पानी की गहराई की जांच की जाए। जहां डूबने का खतरा है, वहां बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। घाटों पर गोताखोर, नाव और जल पुलिस तैनात रहेगी।इसके अलावा प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खास ध्यान देने को कहा गया है।
दिल्ली से यूपी के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें
छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रियों से तय किराये से ज्यादा पैसे नहीं वसूले जाने चाहिए।
घाटों पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम रहेगी तैनात
छठ पूजा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूजा स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। आपातकालीन सेवाओं को भी सक्रिय रखा जाएगा।सीएम योगी ने अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ मिलकर काम करने और खुद घाटों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। व्यवस्था संभालने में सिविल डिफेंस, एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों की मदद भी ली जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)