योगी आदित्यनाथ ने दिल में ही दबा लिया मां के जाने का दर्द, कर्त्तव्य निभाते रह गए 

Nov 20, 2026 - 14:11
Updated: 2 days ago
0 5
योगी आदित्यनाथ ने दिल में ही दबा लिया मां के जाने का दर्द, कर्त्तव्य निभाते रह गए 
मां का चरण स्पर्श करते योगी

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी (91 वर्ष) का शुक्रवार को निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार चल रही थीं। एक तरफ मुख्यमंत्री के घर में शोक का वातावरण था तो दूसरी तरफ वह मां के जाने का दर्द दिल में दबाकर कर्तव्यपथ पर आगे बढ़ते रहे। उन्होंने अपने दुःख को चेहरे पर नहीं आने दिया और उन 50 हजार छात्र-छात्राओं की खुशी में स्वयं को शामिल किया जिन्हें टैबलेट वितरण के लिए गोरखपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी ने पौड़ी गढ़वाल के पंचुर यमकेश्वर स्थित आवास पर सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। वह अपने छोटे बेटे के साथ योगी के पैतृक गांव में रहती थीं। इधर मां का निधन हो गया था तो उधर योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर के उस कार्यक्रम में पहुंचने का वक्त हो चुका था जहां हजारों छात्र-छात्राएं टैबलेट पाने की प्रतीक्षा  कर रहे थे।

मुख्यमंत्री को दुखद समाचार मिल चुका था, लेकिन उन्होंने अपने दर्द को दबाकर बच्चों को खुशी बांटने का निर्णय लिया। वह कार्यक्रम में गए, बच्चों को टैबलेट बांटा और पूरी तसल्ली से उत्तर प्रदेश के विकास की चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने अपने चेहरे पर दुःख का कोई भाव नहीं आने दिया। यहां तक कि कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को अपने हाथ में टैबलेट लेकर उन्हें खुशी व्यक्त करने को कहा और उनके साथ सेल्फी लेकर उनके लिए इस पल को यादगार बनाया।

मां से था योगी का विशेष लगाव

युवा अवस्था में ही संन्यास की राह चुन लेने वाले योगी आदित्यनाथ लंबे समय तक परिवार से दूर रहे, लेकिन मां से उनका लगाव हाल के समय में कई बार तस्वीरों में कैद हुआ। इसी साल जून में जब सावित्री देवी को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया था तो मुख्यमंत्री उनसे मिलने पहुंचे थे। वह मां का हाथ पकड़ उनके चेहरे को निहारते रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां की मुलाकात 2022 में भी काफी चर्चित रही, जब वह करीब पांच साल बाद घर पहुंचे थे।

बता दें कि इससे पहले वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान जब उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था, तब भी मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों और कोविड प्रोटोकॉल को प्राथमिकता देते हुए अपनी बैठक जारी रखी थी और अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।

मुख्यमंत्री योगी की माँ की मृत्यु की इस दुखद घटना पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने संवेदनाएं व्यक्त की हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई नेताओं ने शोक संवेदना प्रकट की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User