'खुलकर विरोध करो, लेकिन बाद में शिकायत मत करना', अनिल सिंह के बयान पर मचा बवाल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उन्नाव की पुरवा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक अनिल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपने विरोधियों को चुनौती देते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि अगर वे उन्हें चुनाव में हरा नहीं पाए और वह दोबारा जीत गए तो बाद में शिकायत मत करना। अब इस वीडियो को लेकर विधायक ने सफाई दी है।
अनिल सिंह ने कहा कि उनके बयान को काटकर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। उन्होंने किसी एक जाति को निशाना नहीं बनाया था, बल्कि सभी समाज के लोगों को लेकर बात कही थी। विधायक ने साफ कहा कि वह अपना बयान वापस नहीं लेंगे, क्योंकि उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा है।
अनिल सिंह ने क्या कहा था?
वायरल वीडियो में अनिल सिंह कहते सुनाई दे रहे हैं, "मेरा विरोध खुलकर करिए, इसे हम बुरा नहीं मानते। लेकिन बाद में विरोध झेलने के लिए भी तैयार रहना। अगर हमें हरा नहीं पाए और हम फिर जीत गए तो यह मत रोना कि हम ठाकुर हैं, पंडित हैं या लोधी हैं।"उन्होंने आगे कहा कि उनके खिलाफ चुनाव लड़ना और वोट न देना हर किसी का अधिकार है, लेकिन बीजेपी कार्यकर्ताओं को धमकाना और उनके साथ बदसलूकी करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उत्तम लोधी से है राजनीतिक विवाद
यह पूरा मामला बीजेपी विधायक अनिल सिंह और उत्तम लोधी के बीच राजनीतिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। उत्तम लोधी 2017 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उन्हें हार मिली थी। अब वह फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।बताया जा रहा है कि उत्तम लोधी कई बार लोधी समाज से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। इलाके में लोधी समाज के वोट भी अच्छी संख्या में हैं। अनिल सिंह का आरोप है कि उत्तम लोधी जाति की राजनीति करते हैं और समाज के लिए काम नहीं किया है।
गीता का उदाहरण देकर समझाई अपनी बात
अनिल सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने भाषण में गीता का उदाहरण भी दिया था। उन्होंने बताया कि जब अर्जुन अपने ही रिश्तेदारों के खिलाफ युद्ध करने से पीछे हट रहे थे, तब भगवान कृष्ण ने उन्हें धर्म का मर्म समझाया था।विधायक के मुताबिक, उनका बयान इसी संदर्भ में था। उन्होंने एक बार फिर कहा कि वीडियो का छोटा हिस्सा वायरल किया गया है और लोगों को पूरा भाषण देखना चाहिए।अनिल सिंह ने दोहराया कि चुनाव में विरोध करना हर व्यक्ति का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कार्यकर्ताओं को धमकाना या उनके साथ अभद्रता करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)