उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर खरगे के घर हुई बैठक में कांग्रेस ने सपा को 181 सीटों की सूची भेजी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर विचार मंथन तेज हो गया है। कांग्रेस ने सीट बंटवारे के लिए अपनी 181 सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को भेजी है। इस सूची में उन सीटों के नाम दिए गए हैं, जिन पर कांग्रेस चुनाव लड़ना और अपना उम्मीदवार खड़ा करना चाहती है। इस सम्बन्ध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर सोमवार को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अहम बैठक हुई, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुए।
आज (सोमवार) ही दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर कांग्रेस की बैठक हुई है। इस बैठक के बारे में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, अजय माकन और प्रियंका गांधी के साथ अभी एक बैठक खत्म हुई है। हमने उत्तर प्रदेश में पूरे चुनाव अभियान पर चर्चा की। हम दिसंबर के पहले हफ्ते से एक तेज़ रफ्तार अभियान शुरू करेंगे। साथ ही, हमारा पूरा संगठन, जमीनी स्तर तक, पूरी तरह तैयार है। हमने इस बात पर चर्चा की कि इस अभियान में हर स्तर के पदाधिकारियों को कैसे शामिल किया जाए।
राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि आज शाम तक पता चल जाएगा कि बैठक कहां होगी और उनकी (समाजवादी पार्टी) तरफ से कौन आएगा। पार्टी सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यह तय हुआ है कि चुनाव प्रचार दिसंबर के पहले हफ्ते में शुरू होगा। वे रैलियां और यात्राएं करेंगे। आज की बैठक संगठनात्मक थी। बात सीटों की संख्या (इंडिया गठबंधन में) की नहीं है, बल्कि साथ मिलकर जीतने की है।
खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट कर बताया, "आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है। मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी।"
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)