जय शाह दूसरी बार बने आईसीसी चेयरमैन, दो साल का होगा नया कार्यकाल
- बीसीसीआई के पूर्व सचिव और भारत के गृह मंत्री के बेटे जय शाह इस पद के लिए अकेले उम्मीदवार थे ।
नई दिल्ली। जय शाह को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का चेयरमैन चुना गया है। बाली में हुई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी। इस पद के लिए जय शाह अकेले उम्मीदवार थे। उनका नया कार्यकाल दो साल का होगा। इस दौरान आईसीसी 2027 में साउथ अफ़्रीका में वनडे विश्व कप आयोजित करेगा। इसके अलावा, 2028 में लॉस एंजेलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी को लेकर भी आईसीसी अहम भूमिका निभाएगा।
38 साल के जय शाह इस पद के लिए अकेले उम्मीदवार थे। बाली में वीकेंड पर हुई बैठक में आईसीसी के डायरेक्टर्स ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। बीसीसीआई के पूर्व सचिव और भारत के गृह मंत्री के बेटे जय शाह ने कहा कि वह इस ज़िम्मेदारी को दोबारा मिलने से बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "आईसीसी चेयरमैन के तौर पर काम करना मेरे लिए सम्मान की बात है और साथ ही यह एक बड़ी ज़िम्मेदारी भी है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करता रहूंगा।"
उन्होंने आगे कहा, "हम अपने खेल के इतिहास के सबसे अहम और रोमांचक दौर में पहुंच रहे हैं। 2028 के लॉस एंजेलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी हमारे खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और खिलाड़ियों और फ़ैंस की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का शानदार मौक़ा है।"
जय शाह पहली बार अगस्त 2024 में आईसीसी चेयरमैन चुने गए थे। उस समय वह इस पद पर पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति बने थे। इससे पहले वह आईसीसी की अहम फ़ाइनेंस एंड कमर्शियल अफ़ेयर्स कमिटी के प्रमुख थे।
बाली में हुई आईसीसी की बैठकों में यह भी तय हुआ कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2031 तक नौ टीमों का टूर्नामेंट बनी रहेगी। साथ ही बांग्लादेश और अमेरिका ओलंपिक में क्रिकेट के लिए टी 20 क्वालिफ़ायर की मेज़बानी करेंगे।
2027 वनडे विश्व कप के क्वालिफ़ायर में भी बदलाव किया गया है। अब इसमें सुपर सिक्स राउंड नहीं होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)