पैट कमिंस ने उस्मान ख़्वाजा के बॉल टेंपरिंग के दावों को बताया शत- प्रतिशत ग़लत

Nov 13, 2026 - 13:00
Updated: 5 days ago
0 2
पैट कमिंस ने उस्मान ख़्वाजा के बॉल टेंपरिंग के दावों को बताया शत- प्रतिशत ग़लत
पैट कमिंस- उस्मान ख़्वाजा

सिडनी। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने सैंडपेपर विवाद को लेकर अपने पूर्व साथी उस्मान ख़्वाजा के दावों को पूरी तरह ग़लत' और बकवास बताया है। 

2018 में ऑस्ट्रेलिया की टीम दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ केपटाउन में टेस्ट मैच खेल रही थी। इस दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने की साज़िश के तहत स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ़्ट ने गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल किया था। इसके लिए तीनों खिलाड़ियों को सज़ा दी गई थी। 

ख़्वाजा ने हाल ही में अपनी आत्मकथा 'सब्र' प्रकाशित की है। पूर्व बल्लेबाज़ ख़्वाजा ने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम को सैंडपेपर से गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में पता था। इस टीम में कमिंस भी शामिल थे। ख़्वाजा का कहना है कि टीम को इसकी ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए थी। 

सिडनी में मीडिया से बातचीत में कमिंस ने इन आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब वह कहते हैं कि हम सभी को पता था...अगर उनका मतलब यह है कि हमें पता था कि सैंडपेपर मैदान पर ले जाया जा रहा है, तो यह शत- प्रतिशत ग़लत है। मैं बीते आठ साल से लगातार यही कहता आया हूं कि मुझे नहीं पता था कि ऐसा हो रहा है। वह कहते हैं कि मैं और दूसरे लोग सैंडपेपर से गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाने वाले थे। यह पूरी तरह बकवास है। 

कमिंस और ख़्वाजा ने साथ में 56 टेस्ट मैच खेले। ख़्वाजा ने जनवरी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। 

2011 में जब कमिंस ने टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया, तब ख़्वाजा ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। दोनों घरेलू क्रिकेट में न्यू साउथ वेल्स की टीम से भी साथ खेल चुके हैं। 

कमिंस ने कहा, "उस्मान मेरे दोस्त हैं, लेकिन दोस्त एक-दूसरे की ज़िंदगी और प्रतिष्ठा के मामले में लापरवाही नहीं बरतते।  उन्होंने अपनी किताब में मेरी ज़िंदगी और कई दूसरे लोगों की ज़िंदगी के साथ लापरवाही बरती है। मेरे ख़्याल से उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के साथ भी ऐसा ही किया है। मैं उनके कहानी बताने के अधिकार का पूरी तरह समर्थन करता हूं। मुझे ख़ुशी है कि उन्हें लगता है कि वह ऐसा कर सकते हैं, लेकिन हम जो कहते और करते हैं, उसकी ज़िम्मेदारी हमें लेनी होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User