मणिपुर में सेना का एक्शन, 21 हथियार व युद्धक सामग्री के साथ चार गिरफ्तार

Aug 25, 2026 - 16:48
0 6
मणिपुर में सेना का एक्शन, 21 हथियार व युद्धक सामग्री के साथ चार गिरफ्तार
Army action in Manipur

नई दिल्ली। भारतीय सेना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मणिपुर में घातक हथियार बरामद किए हैं। सुरक्षा बलों ने 4 एंटी नेशनल एलिमेंट को खतरनाक हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में पीएलए का एक सक्रिय कैडर भी शामिल है। यह कार्रवाई सेना की स्पीयर कोर के अंतर्गत विभिन्न सुरक्षा बलों के साथ समन्वय में की गई। सेना की स्पीयर कोर के मुताबिक करीब एक सप्ताह तक यह ऑपरेशन जारी रहा। इस ऑपरेशन के बीच राज्य के कई जिलों में व्यापक गुप्त सूचना-आधारित संयुक्त अभियान चलाए। इन अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली।

सेना व अन्य एजेंसियों के संयुक्त अभियान मणिपुर के तेंगनौपाल, चुराचांदपुर, थोउबल और काकचिंग जिलों में चलाए गए। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 4 सक्रिय उग्रवादी तत्वों को गिरफ्तार किया। इनमें पीएलए का एक सक्रिय कैडर भी शामिल है, जो राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा वांछित था। अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने विभिन्न स्थानों से कुल 21 हथियार, बड़ी मात्रा में गोला-बारूद तथा अन्य युद्धक सामग्री बरामद की।

बरामदगी में हथियारों के साथ अभियान में इस्तेमाल होने वाली अन्य सैन्य सामग्री भी शामिल है। सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने इन अभियानों को मणिपुर में हिंसक एवं सशस्त्र गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। गुप्त सूचना के आधार पर सेना, केंद्रीय सुरक्षा बलों व स्थानीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के चलते संदिग्ध ठिकानों की पहचान कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कुल 21 हथियार बरामद किए गए जोकि बेहद घातक हैं।

सुरक्षा बलों का कहना है कि इस तरह के संयुक्त और खुफिया सूचना आधारित अभियान मणिपुर में अवैध हथियारों की उपलब्धता तथा सशस्त्र संगठनों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ के जरिए उनके नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और अन्य सहयोगियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।

  इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User