वाराणसी कैंटोनमेंट में पिंजरे में फंसा तेंदुआ: एक महीने बाद 45 हजार लोगों ने ली राहत की सांस

बंगला नंबर 61 में वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, दहशत के चलते एक महीने से बंद था सेंट मैरिज कॉन्वेंट स्कूल; बच्चों की चल रही थीं ऑनलाइन कक्षाएं।

Nov 16, 2026 - 15:23
Updated: 5 days ago
0 14
वाराणसी कैंटोनमेंट में पिंजरे में फंसा तेंदुआ: एक महीने बाद 45 हजार लोगों ने ली राहत की सांस

नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |

वाराणसी। वाराणसी के कैंटोनमेंट इलाके में पिछले एक महीने से दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में फंस गया। सोमवार को कैंटोनमेंट के बंगला नंबर 61 में लगाए गए पिंजरे में तेंदुए के कैद होने के बाद करीब 45 हजार की आबादी ने राहत की सांस ली। तेंदुए की लगातार मौजूदगी के कारण इलाके में डर का माहौल था। सुरक्षा के मद्देनजर सेंट मैरिज कॉन्वेंट स्कूल को भी बंद कर दिया गया था और बच्चों की ऑनलाइन कक्षाएं चल रही थीं। वन विभाग की टीम अब तेंदुए के स्वास्थ्य की जांच कर उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ने की तैयारी कर रही है।

पदचिह्न और सीसीटीवी से लोकेशन का लगाया पता 

तेंदुआ पिछले एक महीने छावनी क्षेत्र से सटी 6 किलोमीटर के एरिया में घूम रहा था। कई बार वह सेंट मैरिज कॉन्वेंट स्कूल में लगे कैमरों में कैद हुआ। इसके बाद वन विभाग की टीम अलर्ट हुई। वन विभाग ने बंगला नंबर 61 और सेंट मैरीज स्कूल परिसर में दो बड़े पिंजरे लगाए गए। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए दोनों पिंजरों में चारे के रूप में बकरियां बांधी गईं। सोमवार को वह पिंजरे में फंस गया।

डीएफओ निधि चौहान ने बताया कि तेंदुए की लगातार बदलती लोकेशन को देखते हुए वन विभाग की टीम निगरानी कर रही थी। पदचिह्नों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी आवाजाही बंगला नंबर 61 के आसपास अधिक मिली। इसके बाद परिसर में पिंजरा लगाया गया और उसमें चारा रखा गया।

कई दिनों की निगरानी और इंतजार के बाद तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पिंजरे को अपने कब्जे में लेकर तेंदुए के स्वास्थ्य की शुरुआती जांच की।

सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की तैयारी

डीएफओ निधि चौहान ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना शासन को दे दी गई है। साथ ही, उन्होंने रेंजर और वन विभाग के उन कर्मचारियों पर कार्रवाई की बात कही, जिन पर लोगों को फिशिंग कैट और अन्य वन्यजीव बताकर मामले को टालने का आरोप है।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुआ स्वस्थ है। उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। हालांकि, उसे कहां छोड़ा जाएगा, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
विवेक कुमार

विवेक कुमार - ( सोशल मीडिया मैनेजर) पत्रकारिता में 10 साल से सक्रिय विवेक कुमार नॉकआउट न्यूज डिजिटल में सोशल मीडिया मैनेजर पर कार्यरत है. जनवाणी, शारदा एक्सप्रेस, अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिन्द आत्मा में अलग-अलग पद पर कार्य किया हैं.

Comments (0)

User