मेरठ के शाकिर ने हिंदू दोस्त के साथ शुरू की कांवड़ यात्रा
- लगातार दूसरे वर्ष हरिद्वार से पैदल कांवड़ यात्रा पर निकला मुस्लिम युवक .
- दोस्त मिंटू के साथ 251 लीटर जल लेकर चल रहा मुस्लिम युवक.
मेरठ। कांवड़ यात्रा के दौरान दो दोस्त इन दिनों चर्चा का विषय बने हुए हैं। दरअसल इन दोनों दोस्तों में में से एक दोस्त मुस्लिम है। दोनों दोस्त 251 लीटर जल लेकर हरिद्वार से अपने गंतव्य मेरठ की ओर आ रहे हैं। ये दोस्त मेरठ के फलावदा कस्बे के होली चौक मोहल्ले के निवासी हैं। मुस्लिम युवक का नाम शाकिर है, जो अपने हिंदू मित्र मिंटू के साथ हरिद्वार से 251 लीटर की कांवड़ लेकर पैदल यात्रा कर रहे हैं। दोनों का कहना है कि उनकी यात्रा का उद्देश्य भगवान शिव के प्रति आस्था के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देना भी है।
शाकिर और मिंटू ने हरिद्वार से गंगाजल भरने के बाद अपनी यात्रा शुरू की। दोनों श्रद्धा और उत्साह के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। शाकिर का कहना है कि दोस्ती और इंसानियत धर्म और जाति से कहीं ऊपर है। समाज में प्रेम, सद्भाव और पारस्परिक सम्मान की भावना बनी रहे, यही उनकी कामना है।
लगातार दूसरी बार ला रहे कांवड़
शाकिर की यह लगातार दूसरी कांवड़ यात्रा है। पिछले वर्ष भी उन्होंने हरिद्वार से 101 लीटर की कांवड़ लाकर शिवरात्रि पर स्थानीय शिव मंदिर में गंगाजल अर्पित किया था। इस बार उन्होंने अपने मित्र मिंटू के साथ 251 लीटर की कांवड़ उठाने का संकल्प लिया है।
रास्ते में कांवड़ियों की भी कर रहे मदद
यात्रा के दौरान दोनों मित्र अन्य शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा भी कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर वे कांवड़ संभालने के साथ श्रद्धालुओं की सहायता भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी यह यात्रा समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने का एक छोटा-सा प्रयास है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)