योगी सरकार की नई पहल : आईटीआई में शुरू होंगे हाईटेक ट्रेड

Jul 28, 2026 - 22:19
0 11
योगी सरकार की नई पहल : आईटीआई में शुरू होंगे हाईटेक ट्रेड
  • नई व्यवस्था में छात्र सीखेंगे वर्चुअल डिजाइनिंग और ऑटोमेशन.
  • टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से शुरू होंगे दो आधुनिक पाठ्यक्रम .
  • दसवीं के बाद युवाओं को उद्योगों की नई तकनीक का मिलेगा प्रशिक्षण.

मेरठ। प्रदेश में युवाओं को रोजगारपरक और आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में योगी सरकार लगातार नए कदम उठा रही है। इसी क्रम में मेरठ के राजकीय आईटीआई साकेत में इस शैक्षिक सत्र से दो अत्याधुनिक ट्रेड शुरू किए जा रहे हैं। अब दसवीं के बाद आईटीआई में प्रवेश लेने वाले छात्र वर्चुअल एनालिसिस एंड डिजाइनिंग तथा मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इन दोनों ट्रेड में प्रवेश राज्य स्तरीय मेरिट के आधार पर होगा और ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य रहेगा।

सरकार की इस पहल से मेरठ के युवाओं को उद्योगों में तेजी से बढ़ रही नई तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। प्रशिक्षण के लिए टाटा टेक्नोलॉजी ने संस्थान में आधुनिक मशीनें स्थापित की हैं, जिन पर विद्यार्थियों को सीधे उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कैड, सीएई और एफईएम तकनीक से होगी डिजाइनिंग की पढ़ाई

वर्चुअल एनालिसिस एंड डिजाइनिंग ट्रेड में विद्यार्थियों को कंप्यूटर एडेड डिजाइन (कैड) सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑटोमोबाइल पुर्जों समेत विभिन्न उत्पादों की डिजिटल डिजाइन तैयार करना सिखाया जाएगा। साथ ही कंप्यूटर एडेड इंजीनियरिंग (सीएई) और फिनाइट एलिमेंट मेथड (एफईएम) तकनीकों के जरिए यह भी समझाया जाएगा कि किसी उत्पाद का डिजाइन वास्तविक परिस्थितियों में दबाव, तापमान और भार को कितना सहन कर सकता है। छात्र डिजाइन की कमियों का विश्लेषण कर उसमें डिजिटल रूप से सुधार करना भी सीखेंगे।

रोबोटिक्स और ऑटोमेशन का मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन ट्रेड में छात्रों को पीएलसी, सेंसर, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और रोबोटिक्स आधारित तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके माध्यम से कारखानों में मशीनों और उत्पादन प्रक्रिया को स्वचालित ढंग से संचालित एवं नियंत्रित करने की आधुनिक तकनीक सिखाई जाएगी, जिससे प्रशिक्षित युवाओं की उद्योगों में मांग बढ़ने की संभावना है।

दोनों ट्रेड की विशेषता यह है कि केवल आधुनिक मशीनें ही नहीं, बल्कि पूरा पाठ्यक्रम भी टाटा टेक्नोलॉजी द्वारा तैयार किया गया है। इससे विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा और प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनके लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। योगी सरकार की यह पहल प्रदेश के युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ने और उन्हें भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User