आईआईटी खड़गपुर में पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले- भारत ने डंके की चोट पर कहा 'ब्रेक द लिमिट्स'
प्लैटिनम जुबली समारोह में विकसित भारत के सपनों पर की बात, बोले- आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर ही देश की असली ऊर्जा
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
खड़गपुर। पश्चिम बंगाल के आईआईटी खड़गपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्लैटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रों और प्रोफेसरों को संबोधित करते हुए भारत की विकास यात्रा, आत्मनिर्भरता और नवाचार की ताकत पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब अपनी सीमाओं को तोड़कर नई संभावनाओं को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने डंके की चोट पर दुनिया को संदेश दिया है- 'ब्रेक द लिमिट्स, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज'। प्रधानमंत्री ने आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्षों के योगदान की सराहना करते हुए इसे विकसित भारत के निर्माण में अहम संस्थान बताया।
पीएम मोदी ने शनिवार को आईआईटी खड़गपुर में प्लैटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा आईआईटी खड़गपुर के इस प्लैटिनम जुबली समारोह में आज मेरे सामने भारत के अतीत, वर्तमान और भविष्य सब कुछ जुड़ा है। एक बहुत ही प्रतिभाशाली और महत्वाकांक्षी पीढ़ी यहां मौजूद है। आज हम सब इस संस्थान के 75 सालों की यात्रा को मनाने के लिए, इनकी परंपरा का सम्मान करने के लिए यहां पर सब एकत्रित हुए हैं। अपनी स्थापना के 75 सालों में आईआईटी खड़गपुर ने बहुत सारे मील के पत्थर बनाए हैं। इन 75 वर्षों में भारत ने बैलगाड़ी से लेकर बुलेट ट्रेन तक, डाक पत्रों से लेकर सोशल मीडिया तक बहुत कुछ बदलते हुए देखा है और इस बदलाव के हर दौर में देश के पहले आईआईटी के तौर पर आईआईटी खड़गपुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मैं यहां सभी को बधाई देता हूं।

बंगाल की ये धरती वो धरती है, जहां विचारों को बल मिला: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा बंगाल की ये धरती वो धरती है, जहां विचारों को बल मिला है। जहां से राष्ट्रीय आंदोलन बने हैं। ये संस्थान तो उसी जगह पर बना है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। आप कल्पना कीजिये, जो स्वतंत्रता सेनानी यहां रहे होंगे, वो दिनभर क्या बातें करते होंगे, क्या सोचते होंगे! इस पूरे वायुमंडल में उनकी उस समय की जिंदगी, उस समय की सोच, उस समय की गतिविधि आज भी एक मंत्र की तरह गूंजती होगी। जो आप लोगों को प्रेरणा देती होगी।
आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर ही देश की असली ऊर्जा: मोदी

नरेंद्र मोदी ने कहा आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है। जब आईआईटी खड़गपुर ने अपनी यात्रा शुरू की तब भारत की आजादी नई-नई थी। देश में पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था। उस समय देश को अपनी उद्योगऔर आधारभूत संरचना के लिए इंजीनियर्स की जरूरत थी। जैसे-जैसे देश की वैज्ञानिक क्षमताएं बढ़ी, यहां के स्नातकों ने हमारे अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में योगदान दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा आज जब हम विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं तो आईआईटी खड़गपुर का 75 वर्षों का अनुभव देश के विकास में, देश के नवाचार प्रोफ़ाइल में बहुत बड़ी भूमिका निभाने वाला है। मुझे विश्वास है कि आप आज के आकांक्षी भारत के सपनों को पूरा करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे।
भारत ने डंके की चोट पर कहा 'ब्रेक द लिमिट्स, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज': प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ''भारत ने डंके की चोट पर कहा 'ब्रेक द लिमिट्स, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज' 20 साल पहले तक हमारे देश में गरीबी को एक स्थायी समस्या माना जाता था। पांच दशक पहले लाल किले से गरीबी मिटाने के नारे लगाए जाते थे। लेकिन, जब भी नीतिगत स्तर पर कदम उठाने की बात आती, तो पूरा सिस्टम उस मामले को फाइलों में ही दबा देता था। ऐसा इसलिए था क्योंकि उस समय यह सोच बनी हुई थी कि गरीबी को कभी खत्म नहीं किया जा सकता, खासकर हमारी इतनी बड़ी आबादी को देखते हुए। किसी ने भी गरीबी को वास्तव में खत्म करने के लिए सही नीतियां लागू करने की हिम्मत नहीं की। जब हम पहली बार सत्ता में आए, तो मैंने लाल किले से घोषणा की कि मैं गरीबों के लिए शौचालय बनवाऊंगा। संसद में लोगों ने इसका मजाक उड़ाया और पूछा, "यह कैसा प्रधानमंत्री है? वह शौचालय बनवाने की बात कर रहा है।" ऐसे लोग यह समझ ही नहीं पाए कि शौचालय कितना जरूरी है, गरीबों के लिए, और खासकर गरीब महिलाओं और माताओं के लिए यह कितना अहम है..."
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)