अमेरिका में पन्नू की हत्या की साज़िश प्रकरण में भारतीय नागरिक को साढ़े 19 साल की सज़ा
न्यूयॉर्क। अमेरिका की एक संघीय अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिका में सिख राजनीतिज्ञ गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साज़िश के मामले में 235 महीने यानी लगभग साढ़े 19 साल की सज़ा सुनाई है। भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता ने फ़रवरी में सुपारी देकर हत्या कराने, हत्या की साज़िश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साज़िश रचने के आरोपों को स्वीकार कर लिया था। गुरपतवंत सिंह पन्नू ख़ालिस्तान आंदोलन का प्रमुख चेहरा है। यह आंदोलन सिखों के लिए एक अलग देश की मांग करता है।
फ़ेडरल कोर्ट के जज विक्टर मैरेरो ने शुक्रवार को करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद गुप्ता को सजा सुनाई। जज ने कहा कि सज़ा पूरी होने के बाद संभव है कि उन्हें अमेरिका से निर्वासित कर दिया जाए या वापस भेज दिया जाए। सजा सुनाए जाने के दौरान निखिल गुप्ता ने गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश में अपनी भूमिका को लेकर पछतावा जाहिर किया। वहीं, पन्नू ने कहा कि जान पर खतरा होने के बाद से वह 1,200 दिनों से ज्यादा समय से अपनी नियमित कानूनी प्रैक्टिस नहीं कर पा रहा है। अमेरिकी नागरिक पन्नू, अमेरिका स्थित सिख अलगाववादी संगठन 'सिख्स फ़ॉर जस्टिस' (एसएफ़जे) का प्रवक्ता है। भारत में इस संगठन पर 2019 से प्रतिबंध है। मामले की सुनवाई से पहले पन्नू के समर्थक न्यूयॉर्क स्थित कोर्ट परिसर के बाहर जमा हुए और गुप्ता तथा अन्य लोगों के पुतले लेकर विरोध जताया।
निखिल गुप्ता के पन्नू केस में बचने के लिए कुछ रास्ते भी हैं। निखिल गुप्ता सीधी अपील करें, सजा रद्द करने की मांग करें या राष्ट्रपति से माफी मांगने के प्रावधान का इस्तेमाल करें।
न्यूयॉर्क के दक्षिणी ज़िले के अमेरिकी अटॉर्नी जेमी मैकडोनाल्ड ने कहा कि अमेरिकी न्याय विभाग और उसके क़ानून प्रवर्तन सहयोगी उन सभी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करेंगे और उन्हें जवाबदेह ठहराएंगे, जो अमेरिकी ज़मीन पर या अमेरिकी नागरिकों के ख़िलाफ़ हिंसा करने की कोशिश करेंगे।
अमेरिकी अभियोजकों का आरोप था कि भारत सरकार के तत्कालीन कर्मचारी विकास यादव ने मई 2023 में निखिल गुप्ता को पन्नू की हत्या के लिए सुपारी किलर तलाशने का काम सौंपा था। अभियोग में दावा किया गया कि यादव भारत के कैबिनेट सचिवालय में कार्यरत था, जिसके अंतर्गत देश की विदेशी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) भी आती है। यादव ने गुप्ता को पन्नू की निजी जानकारी दी थी. इसमें न्यूयॉर्क में उनका पता और उनकी रोज़मर्रा की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी शामिल थी।
अभियोजकों का कहना है कि यादव के निर्देश पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा समझता था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीइए) का मुखबिर था। इसी मुखबिर ने गुप्ता की मुलाकात एक कथित हत्यारे से कराई, जो वास्तव में डीइए का अंडरकवर अधिकारी था। यादव ने हत्या के लिए एक लाख डॉलर देने की पेशकश की थी। इसमें से 15 हजार डॉलर अग्रिम के तौर पर न्यूयॉर्क में दिए गए थे। आरोप है कि गुप्ता ने पन्नू का पता, फोन नंबर, उसकी दिनचर्या और निगरानी के दौरान ली गई तस्वीरें भी उपलब्ध कराई थीं।
निखिल गुप्ता को 30 जून 2023 को चेक रिपब्लिक की राजधानी प्राग में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद जून 2024 में उसे अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया। उसे शुक्रवार को मैनहैटन की अदालत में सज़ा सुनाए जाने तक उन्हें न्यूयॉर्क की एक जेल में रखा गया था। वहीं, विकास यादव अभी भी अमेरिकी हिरासत से बाहर है। गुप्ता की गिरफ़्तारी के बाद भारत के विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा था कि यादव अब भारत सरकार के कर्मचारी नहीं हैं। प्रवक्ता ने यह भी कहा था कि अमेरिका की ओर से उठाई गई सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर विचार करने के लिए भारत ने एक जांच समिति बनाई है।
गुप्ता के अपराध स्वीकार करने की घोषणा करते समय अमेरिका के तत्कालीन अटॉर्नी जे.क्लेटन ने एक बयान में कहा था कि उसे लगा कि वह इस देश के बाहर रहकर यहां किसी की हत्या कर सकता है और उसे इसका कोई नतीजा नहीं भुगतना पड़ेगा। वह व्यक्ति सिर्फ़ अभिव्यक्ति की आज़ादी के अपने अमेरिकी अधिकार का इस्तेमाल कर रहा था।
पन्नू ने इससे पहले कहा था कि निखिल गुप्ता का अपराध स्वीकार करना इस बात की न्यायिक पुष्टि है कि भारत की मोदी सरकार ने अमेरिकी ज़मीन पर सुपारी देकर हत्या कराने की एक सुनियोजित साज़िश रची थी। उधर, भारत ने इस मामले में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। भारत सरकार ने पन्नू को आतंकवादी बताया है, जबकि पन्नू इस आरोप से इनकार करता है। भारत ख़ालिस्तान आंदोलन का विरोध करता रहा है और देश के राजनीतिक दल भी इस मांग के ख़िलाफ़ हैं।
सिख भारत में धार्मिक अल्पसंख्यक हैं और देश की आबादी में उनकी हिस्सेदारी क़रीब दो फ़ीसदी है। कुछ समूह लंबे समय से सिखों के लिए अलग देश की मांग करते रहे हैं।
निखिल गुप्ता के पन्नू केस में बचने के लिए कुछ रास्ते भी हैं। निखिल गुप्ता सीधी अपील करें, सजा रद्द करने की मांग करें या राष्ट्रपति से माफी मांगने के प्रावधान का इस्तेमाल करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)