'विकसित भारत के लिए 2047 के इंतजार की जरूरत नहीं : प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मुझे याद है कि 90 के दशक की शुरुआत में मुझे 2 बड़ी यात्राओं में देशभर में व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारी मिली थी। ये वो जमाना था जब प्रेस रिलीज भेजने के लिए भी फैक्स मशीन खोजनी पड़ती थी। प्रेस रिलीज से लेकर इंस्टाग्राम रील तक मैंने मीडिया का और मीडिया संवाद का एक लंबा दौर देखा है।
उपरोक्त उद्गार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यक्त किये। प्रधानमंत्री नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में गुरुवार (आज) को आयोजित दिवाली मिलन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत जिन उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ रहा है, उसमें विकसित भारत के लक्ष्य को पाना नामुमकिन नहीं है। आप खुद सोचिए, बीते कुछ सालों में भारत ने क्या-क्या कर दिखाया है। किसने सोचा था कि भारत चंद्रमा के साउथ पोल के पास उतरकर इतिहास रचेगा। किसने सोचा था कि भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन जाएगा। किसने सोचा था कि चिनाब नदी पर विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज बनेगा। भारत ने महज 12 साल में अपनी सौर उत्पादन क्षमता को 50 गुना से ज्यादा बढ़ा दिया है। भारत ने केवल 12 साल में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इको सिस्टम तैयार कर लिया है।'
छोटे-बड़े लक्ष्य पूरे करते हुए विकसित भारत बनाएंगे
उन्होंने कहा, '2047 की डेडलाइन का अर्थ यह नहीं है कि हमें तब तक इंतजार करना है। आप आजादी के आंदोलन को याद कीजिए। पूर्ण स्वराज का लक्ष्य एक-दो दिन में पूरा होने वाला नहीं था। धीरे-धीरे छोटे लक्ष्य तय किए गए, वो पूरे हुए और फिर लोगों में भरोसा जगा कि स्वतंत्रता जरूर मिलेगी और पूरा देश इस संकल्प के साथ खड़ा हो गया। विकसित भारत के लक्ष्य तक भी हमें देश का यही भरोसा लेकर जाएगा। हम छोटे-बड़े कई लक्ष्य पूरे करते हुए आगे बढ़ेंगे तभी विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंच पाएंगे।' इससे पहले, दिवाली के मौके पर पीएम मोदी ने कहा था कि खतरा अभी टला नहीं, जंगलों से नक्सली मिट गए, लेकिन दिमागी नक्सली मौजूद हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)