जंतर-मंतर प्रदर्शन: अभिजीत दिपके की हिरासत के बाद अजिंक्य शिंदे संभालेंगे कमान, पार्टी ने जारी किया प्री-रिकॉर्डेड वीडियो
नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से ठीक पहले राजधानी में सियासी गहमागहमी तेज हो गई है। शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके, सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरते ही दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
शीर्ष नेतृत्व के हिरासत में जाने के बाद CJP ने अपने संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे को जंतर-मंतर पर होने वाले इस बड़े प्रदर्शन का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
हिरासत की आशंका पर दिपके ने पहले ही रिकॉर्ड किया था वीडियो
नेताओं की हिरासत के तुरंत बाद पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर संस्थापक अभिजीत दिपके का एक प्री-रिकॉर्डेड वीडियो साझा किया।
यह वीडियो दिपके ने शुक्रवार की रात ही संभावित गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए रिकॉर्ड कर लिया था। वीडियो संदेश में दिपके ने कहा:
"जब तक मैं, सौरव दास और आशुतोष रांका हिरासत में हैं, तब तक हमारे संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे जंतर-मंतर पर इस प्रदर्शन की अगुवाई करेंगे। लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने के हमारे अधिकार को दबाया नहीं जा सकता।"*
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस ने नहीं दी थी अनुमति
दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की असुविधा का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर इस विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। शनिवार सुबह से ही लुटियंस दिल्ली, जंतर-मंतर और हवाई अड्डे के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है।
मुख्य मांग: CEC ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा
CJP का यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर आयोजित किया गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि उनके शीर्ष नेताओं की हिरासत के बावजूद आंदोलन तय रणनीति के तहत अजिंक्य शिंदे के नेतृत्व में जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)