कन्नौज में चुनावी रंजिश में भाजपा विधायक के रिश्तेदार अधिवक्ता को गोलियों से भूना
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में रविवार शाम चुनावी रंजिश के चलते दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।
छिबरामऊ से भाजपा विधायक अर्चना पांडेय के रिश्तेदार व पेशे से अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी को हमलावरों ने बीच बाजार गोलियों से भून दिया।
हमले में अधिवक्ता को तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही हालत नाजुक हो गई और अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में गम और गुस्से का माहौल है।
बाजार जाते समय रास्ते में घेरा, विवाद के बाद दागीं तीन गोलियां
कन्नौज शहर के मोहल्ला सुभाष नगर पश्चिमी बाईपास निवासी अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी (38) रविवार शाम रोजमर्रा के काम से बाजार की ओर निकले थे। जब वह कोतवाली क्षेत्र के पास कोयला गली पहुंचे, तभी वहां उनका सामना अमोल दीक्षित से हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच रंजिश में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि अमोल दीक्षित ने आपा खो दिया और अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर अनुज पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगते ही अधिवक्ता लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज से बाजार में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
2022 के विधानसभा चुनाव से जुड़ी है दुश्मनी की जड़ें
जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे 2022 के विधानसभा चुनाव की पुरानी सियासी रंजिश है। आरोपी अमोल दीक्षित ने 2022 में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। मतदान वाले दिन किसी बात को लेकर अमोल और अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी के बीच तीखा विवाद हुआ था। तभी से दोनों पक्षों के बीच गहरी अदावत चल रही थी, जिसने रविवार शाम इस खूनी अंजाम का रूप ले लिया।
खुद को बताता है कांग्रेस पदाधिकारी, आप से भी रहा है नाता
हत्या का आरोपी अमोल दीक्षित राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा रहा है। वह पूर्व में आम आदमी पार्टी का सदस्य था, जिसके बाद उसने कांग्रेस की सदस्यता ली थी। आरोपी अपने लेटर पैड पर खुद को कांग्रेस का जिला महासचिव दर्ज करता है। घटना के बाद से ही आरोपी मौके से फरार है।
वकीलों में रोष, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
कन्नौज में कुछ ही दिनों के अंतराल पर दूसरे अधिवक्ता की हत्या से जिले के वकीलों और स्थानीय नागरिकों में कानून-व्यवस्था को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों को दबिश में लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)