मेरठ: नकली दवाओं के कारोबार का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार
- बड़ी-बड़ी मशीन लगाकर बनाई जा रही थी नकली दवा।
- एसटीएफ मेरठ, एफएसडीए, हिमाचल पुलिस का ऑपरेशन।
नॉकआउट न्यूज़, मेरठ। बड़ी-बड़ी मशीन लगाकर नकली दवा बनाई जा रही थी। एसटीएफ मेरठ यूनिट, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और हिमाचल प्रदेश पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर नकली दवाओं का कारोबार बेनकाब किया है। टीम ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ब्रांडेड कंपनियों के नाम से तैयार की गई नकली दवाओं की खेप बरामद की है।
पाउडर, भूसी मिलाकर बनाते थे ब्रांडेड दवाएं
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ब्रांडेड दवाओं के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर नकली दवाएं तैयार कर रहे थे। इन दवाओं को असली बताकर बाजार में खपाने की तैयारी थी। आरोपी कई तरह के पाउडर और भूसी मिलाकर इन दवाओं को तैयार कर रहे थे। एसटीएफ के मुताबिक, बरामद दवाएं मिलावटी नहीं, बल्कि पूरी तरह नकली हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हैरानी की बात यह है कि इन दवाओं का इस्तेमाल टाइफाइड, गले और फेफड़ों के संक्रमण से लेकर एसिडिटी, नसों के दर्द और मिर्गी के दौरे जैसी गंभीर समस्याओं के इलाज में किया जाता है।
ये है आरोपी
टीम ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद हसीन पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी मोहल्ला माजरा हसन, थाना चिलकाना जनपद सहारनपुर और मोनू कुमार पुत्र नागेश्वर मेहता निवासी ग्राम लातदाड़ थाना मिराल जनपद गड़वां झारखंड के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से कई तरह की नकली दवाएं बरामद
एसटीएफ मेरठ यूनिट के एएसपी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से कई तरह की नकली दवाएं बरामद हुई हैं। इन्हें तैयार करने में अलग-अलग प्रकार के पाउडर और भूसी का इस्तेमाल किया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे मिलावटी दवाओं का मामला कहना सही नहीं होगा। क्योंकि, बरामद दवाएं पूरी तरह नकली हैं।
इन दवाओं के नाम पर खेल चल रहा था। टीम ने जिन दवाओं की खेप पकड़ी है, उनमें C-AZ, PAN-D और PREGABLIN प्रमुख हैं। C-AZ एंटीबायोटिक दवा है, जिसका इस्तेमाल टाइफाइड बुखार के अलावा गले के टॉन्सिल, कान, साइनस, सांस की नली और फेफड़ों के बैक्टीरियल संक्रमण में किया जाता है।
वहीं, PAN-D का इस्तेमाल एसिडिटी की समस्या में होता है। तीसरी दवा PREGABLIN है, जिसका उपयोग नसों के दर्द, मिर्गी के दौरे और कुछ परिस्थितियों में घबराहट व चिंता जैसी समस्याओं के उपचार में किया जाता है।
सेहत से खिलवाड़ का बड़ा खतरा
नकली दवाओं का कारोबार सीधे लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ है। ऐसी दवाओं में निर्धारित औषधीय तत्वों की मौजूदगी की कोई गारंटी नहीं होती। इनमें इस्तेमाल किए गए पाउडर और अन्य पदार्थ मरीज की सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
सबसे बड़ा खतरा यह है कि संक्रमण, मिर्गी या नसों के दर्द जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीज असली दवा समझकर इन्हें खाते रहें और उनका इलाज प्रभावित होता रहे।
सप्लाई से जुड़े हर पहलू की जांच
एसटीएफ मेरठ यूनिट के एएसपी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरे नेटवर्क, नकली दवाएं तैयार करने के तरीके और उनकी सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। गुरुवार को एसटीएफ इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करेगी। जांच में यह भी महत्वपूर्ण होगा कि नकली दवाओं की खेप कहां तैयार की जा रही थी और अब तक किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई की गई है।
सोलन में ही स्थित है दूसरी फैक्ट्री
एएसपी ने बताया कि गुरुवार को भी दिनभर कार्रवाई चली, जिसके बाद टीम ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सोलन में ही दूसरी फैक्ट्री भी पकड़ ली। वीडी फार्मा नाम की यह फर्म थी, जहां नकली दवाइयां मिली हैं। यहां ना केवल दवाईयां बल्कि इंजेक्शन, मल्टी विटामिन, पेंटाप्रोजोल, खासी के सिरप तैयार मिले हैं जो नकली हैं। इनको तैयार करने में प्रयुक्त होने वाला कच्चा माल भी बरामद हुआ है। यहां भी खड़िया और लेक्टोज़ से नकली दवाईयां तैयार की जा रहीं थीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)