Co-operative Bank Scam Case: को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में झारखंड और ओडिशा में सात ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

Sep 18, 2026 - 11:23
0 3
Co-operative Bank Scam Case: को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में झारखंड और ओडिशा में सात ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

रांची। झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के सरायकेला शाखा में करोड़ रुपये के घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह झारखंड और ओडिशा में सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। 

ईडी की टीमें पीएमएलए (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) की धारा 17 के तहत तलाशी और जब्ती की कार्रवाई कर रही हैं। ये ठिकाने कारोबारी संजय कुमार डालमिया और बैंक के तत्कालीन अधिकारियों से जुड़े बताए जा रहे हैं। ईडी की अलग-अलग टीमें केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ सुबह संबंधित परिसरों में पहुंचीं। टीमों ने दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड, लेन-देन से जुड़े कागजात और अन्य वित्तीय सामग्री खंगालनी शुरू की।

तलाशी के दौरान डिजिटल उपकरणों और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। सरायकेला स्थित झारखंड स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक की शाखा से कथित तौर पर फर्जी तरीके से राशि का हस्तांतरण और ऋण खातों के निपटारे के इस मामले की जांच पुलिस लंबे समय से कर रही थी। आरोप है कि संजय कुमार डालमिया ने तत्कालीन बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर बैंक की विभिन्न शाखाओं से अपने, अपने भाई और एक कर्मचारी से जुड़े खातों में राशि स्थानांतरित कराई।

जांच रिकॉर्ड के अनुसार, तीन और छह जून 2017 को करीब 4.14 करोड़ रुपये की राशि कथित तौर पर फर्जी तरीके से निकाली गई थी। इस रकम के एक हिस्से से डालमिया के पुराने ऋण खाते को बंद किए जाने का भी आरोप है। इस मामले में 22 अगस्त 2019 को सरायकेला थाने में करीब 38 करोड़ रुपये के कथित गबन को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में कारोबारी संजय कुमार डालमिया के अलावा बैंक के तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया था।

इनमें तत्कालीन शाखा प्रबंधक सुनील कुमार सतपति, सहायक मदन लाल प्रजापति, तत्कालीन प्रबंधक वीरेंद्र कुमार, क्षेत्रीय कार्यालय चाईबासा के तत्कालीन एजीएम, लेखाकार शंकर बंदोपाध्याय, तत्कालीन एमडी मनोजनाथ शाहदेव, मुख्यालय के तत्कालीन एजीएम संदीप सेन और सीईओ बृजेश्वर नाथ सहित अन्य के नाम शामिल हैं। मामले में पुलिस जांच और बाद की कानूनी कार्रवाई के बाद कुछ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। ईडी ने पीएमएलए के तहत ईसीआईआर दर्ज कर अब कथित अपराध से अर्जित रकम और उसके इस्तेमाल की जांच शुरू की है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User