Meerut News Update : मेरठ में सौतेली मां की हत्या के मामले में आरोपी बेटी और बॉयफ्रेंड गिरफ्तार, मामले की जांच में जुटी पुलिस
- बेटी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर मां को मार डाला
- बोली- प्रेमी से शादी के लिए तैयार नहीं थी, दर्शन कराने के बहाने ले गई, रास्ते में गला रेता.
मेरठ: सौतेली मां की हत्या के मामले में पुलिस ने बेटी और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। आरोपी बेटी ने बताया कि मां उसके अफेयर का विरोध करती थी। दोनों की शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसलिए उसने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर मर्डर की प्लानिंग बनाई।
17 अगस्त को दोनों मंदिर में दर्शन कराने के बहाने मां को साथ ले गए। रास्ते में चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव 100 किमी दूर मंगलौर में झाड़ियों में फेंक दिया। 18 अगस्त को पुलिस को नहर के किनारे शव मिला। पहचान होने के बाद तीन टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं। करीब 200 CCTV फुटेज खंगाले और दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बेटी ने हत्या की पूरी कहानी पुलिस को बताई। मामला कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र का है।
बेटी के प्रेम संबंध का विरोध कर रही थी मां
उत्ताखंड के मंगलौर में 18 अगस्त को नहर के किनारे एक महिला का शव मिला था। पुलिस ने जांच की तो पता चला यह शव मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के नटेशपुरम निवासी कविता का है।
रुड़की के एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने महिला के पति से कॉन्टैक्ट किया। पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। रिपोर्ट में दिए गए कार नंबर से गाड़ी को ट्रेस किया गया।
करीब 200 CCTV फुटेज खंगाले गए। बुधवार दोपहर पुलिस ने दोनों आरोपियों उन्नति और उसके बॉयफ्रेंड आकाश को लक्सर रोड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया।
'मां हमारी शादी नहीं करना चाहती थी'
पूछताछ में उन्नति ने बताया कि मैं और आकाश 11वीं कक्षा से साथ पढ़ते थे, तभी से हमारी दोस्ती थी। अब हम दोनों दिल्ली के एक नर्सिंग कॉलेज से पढ़ाई कर रहे थे। मेरी मां कविता मेरे और आकाश के रिश्ते से नाराज थी।
वह मुझे आकाश से मिलने से रोकती थी और हमारी शादी के लिए भी तैयार नहीं थी। करीब एक महीने पहले आकाश शादी का रिश्ता लेकर घर आया था, लेकिन मां ने रिश्ता ठुकरा दिया। हमारी बिरादरी अलग होने की वजह से भी मां इस रिश्ते के खिलाफ थी।
मां के शादी से इनकार करने के बाद हमें लगा कि वह हमें कभी साथ नहीं होने देगी। इसके बाद हमने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
मंदिर ले जाने के बहाने निकले
पूछताछ में उन्नति ने बताया कि वारदात से करीब 15 दिन पहले मैं Meerut आ गई थी। इसके करीब 5 दिन बाद आकाश भी Meerut आ गया। हम दोनों फोन पर लगातार बात करते रहे और हत्या की योजना बनाते रहे। 17 अगस्त की सुबह हम मां को बरेली के मनोनाथ मंदिर में दर्शन कराने के बहाने कार से लेकर निकले। आकाश दिल्ली से अपने दोस्त की कार लेकर Meerut आया था। वह कार चला रहा था और मैं मां के साथ पीछे बैठी थी।
कंकरखेड़ा से आगे निकलने के बाद मां को नींद आने लगी। इसी दौरान मैंने चाकू से उनका गला रेत दिया। इसके बाद आकाश कार को उत्तराखंड की तरफ ले गया।
शव नहर में फेंकने के बाद खरीदे नए कपड़े
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ ने उन्नति ने बताया मंगलौर में नहर के पास हम मां के शव को बोरे में भरकर नहर में फेंकने गए थे। बोरा पानी में बहने के बजाय झाड़ियों में अटक गया। इसके बाद हम वहां से हरिद्वार चले गए।
हमारे कपड़े गंदे हो गए। कपड़ों में खून के दाग भी थे। हम लोग एक शॉपिंग मॉल में गए और वहां नए कपड़े खरीदे। पुराने कपड़े रास्ते में फेंकने के बाद हम हाईवे के पास कार में बैठकर काफी देर तक रुके रहे।
18 अगस्त को नहर किनारे मिला शव
SP देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि 17 अगस्त की रात कविता घर नहीं लौटी तो पति अरविंद ने उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद उन्होंने उन्नति से संपर्क किया। उन्नति ने बताया कि मां उनके साथ है और वे उसे मंदिर लेकर गए हैं।
18 अगस्त की सुबह मंगलौर में नहर के पास राहगीरों को बदबू आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाशी ली तो झाड़ियों में बोरे के अंदर महिला का शव मिला। पुलिस ने शव की फोटो आसपास के थानों और यूपी बॉर्डर के जिलों में भेजकर पहचान कराने का प्रयास किया।
उत्तराखंड पुलिस की सूचना के बाद UP Police ने गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया। फोटो के आधार पर शव की पहचान कंकरखेड़ा निवासी कविता के रूप में हुई। पुलिस ने इसकी जानकारी उसके पति अरविंद को दी। वह मंगलौर पहुंचे और शव की पहचान की।
इस बीच उन्नति और आकाश घर नहीं लौटे। अरविंद ने दोनों के खिलाफ मंगलौर पुलिस को तहरीर दी। जांच में दोनों की लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाने के बाद पुलिस ने उन्हें हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
कार और चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार और चाकू बरामद कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की पूरी घटना बताई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद कविता का शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद परिजन शव लेकर मुजफ्फरनगर स्थित अपने पैतृक गांव चले गए।
कविता और उसके पति अरविंद मूलरूप से ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। अरविंद मेरठ में नौकरी करते हैं और कुछ समय से परिवार के साथ मेरठ में रह रहे थे। चूंकि हत्या और शव बरामदगी की कार्रवाई उत्तराखंड में हुई है, इसलिए मंगलौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)