मेरठ से विधान सभा चुनाव का शंखनाद करेंगे असदुद्दीन ओवैसी, जनसभा आज 

Nov 14, 2026 - 13:56
Updated: 5 days ago
0 2
मेरठ से विधान सभा चुनाव का शंखनाद करेंगे असदुद्दीन ओवैसी, जनसभा आज 
असदुद्दीन ओवैसी

मेरठ। अखिल भारतीय मुस्लिम एकता परिषद यानी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी यूपी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहर मेरठ के नौचंदी मैदान से चुनावी शंखनाद करेंगे। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है.

मिशन 2027 को लेकर एक तरफ जहां भाजपा नीत एनडीए गठबंधन है। वहीं, समाजवादी पार्टी और इंडिया एलाइंस भी तैयार हैं। ऐसे में तीसरा 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' भी बन चुका है। एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन कर लिया है, जिसे 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया गया है।  

असदुद्दीन ओवैसी बिना देर किए मेरठ से विपक्ष के इंडिया एलायंस और सत्ता पक्ष के एनडीए गठबंधन को रैली करके अपनी सियासी ताकत का एहसास कराने की तैयारी कर चुके हैं। असदुद्दीन ओवैसी की बड़ी जनसभा मेरठ में शनिवार को होने जा रही है, जिसको लेकर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह है। 

एआईएमआईएम के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुख्य महासचिव इंतजार अंसारी ने बताया कि बैरिस्टर ओवैसी मेरठ पहुंच रहे हैं। व्यापक स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है। जब पूर्व में मेयर और पार्षद का चुनाव हुआ था, तब एआईएमआईएम का प्रत्याशी मेरठ में दूसरे नंबर पर रहा था। वहीं, एआईएमआईएम से 11 पार्षद भी जीते थे। तभी से मेरठ की जनता बेसब्री से अपने नेता का इंतजार कर रही है। सभी में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि यूं भी कह सकते हैं कि जो गठबंधन कल हुआ है, उसका आगाज मेरठ से होने जा रहा है। इसके बाद 26 नवंबर को लखनऊ में भी बड़ी रैली होगी.

पार्टी के नेताओं का कहना है कि यहां भारी भीड़ उमड़ेगी। आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता भी साथ में मौजूद रहेंगे। इससे मैसेज दूर तक जाएगा और तमाम सियासी पार्टियों को यह एहसास हो जाएगा कि इस बार 2027 के चुनावों में परिवर्तन तय है। 

पार्टी नेताओं को कहना है कि मेरठ की सरजमीं बेहद ही महत्वपूर्ण है। चाहे 1857 की क्रांति की बात हो, तब भी यहीं से आजादी की लड़ाई की शुरुआत हुई थी। ऐसे में ओवैसी मेरठ से ही चुनावी शंखनाद करेंगे और जब चुनाव के नतीजे आएंगे तो सबसे पहले पार्टी मेरठ में ही जीत दर्ज करेगी। 

ओवैसी की पार्टी के पार्षद और नेता फजल करीम ने कहा कि एक सप्ताह से लगातार गांव-गांव, डोर-टू-डोर जाकर पार्टी कार्यकर्ता ओवैसी की इस रैली के बारे में प्रचार कर रहे थे। बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचेंगे। वह कहते हैं कि 2017 में भी ओवैसी की एक बड़ी रैली इसी ग्राउंड पर हुई थी। 

माना जा रहा है कि कहीं न कहीं आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने अपने कार्यकर्ताओं को इस रैली में पहुंचने का निर्देश तो दे दिया होगा। इससे कह सकते हैं कि यहां अच्छी-खासी संख्या में लोगों का हुजूम ओवैसी को सुनने को उमड़ सकता है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User