इटली की पीएम मेलोनी के नाम बड़ी उपलब्धि, युद्धोत्तर इतिहास की सबसे लंबी सरकार का खिताब क‍िया अपने नाम

Sep 04, 2026 - 14:51
0 4
इटली की पीएम मेलोनी के नाम बड़ी उपलब्धि, युद्धोत्तर इतिहास की सबसे लंबी सरकार का खिताब क‍िया अपने नाम
Italian PM Giorgia Meloni

रोम। जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाली सरकार इटली गणराज्य के युद्धोत्तर इतिहास की सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार बन गई है। उसने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। जॉर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला था। उनकी सरकार अब तक 1,413 दिन पूरे कर चुकी है।

इस उपलब्धि पर मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर खुशी जताई और इसे आभार तथा जिम्मेदारी की भावना के साथ स्वीकार किया।

उन्होंने लिखा, "आज हमारी सरकार इटालियन गणराज्य के इतिहास की सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार बन गई है। मैं इस तथ्य का स्वागत आभार और बड़ी जिम्मेदारी के साथ करती हूं। क्योंकि स्थिरता कोई ऐसा रिकॉर्ड नहीं है जिसे दिखाया जाए, बल्कि यह वह आधार है जो किसी देश को योजना बनाने, फैसले लेने, अपने वादे निभाने और सम्मान हासिल करने में मदद करता है।"

मेलोनी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में उनकी सरकार ने रोजगार बढ़ाने, बेरोजगारी कम करने, परिवारों और कारोबारों को समर्थन देने, सुरक्षा मजबूत करने, सरकारी वित्त को जिम्मेदारी से संभालने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर इटली की साख और प्रभाव को बढ़ाने के लिए काम किया है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को अच्छे नतीजे मिले हैं, लेकिन अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, "यह स्थिरता किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं है, बल्कि उस एकजुट गठबंधन का परिणाम है जिसने चार वर्षों तक एक साझा दृष्टिकोण के साथ शासन किया। हमारा यह साथ किसी के विरोध में नहीं, बल्कि इटली के विकास की योजना को पूरा करने के लिए था। मुझे नहीं लगता कि यह कोई संयोग है कि आज गणराज्य के इतिहास में सबसे लंबे कार्यकाल वाली तीनों सरकारें मध्य-दक्षिणपंथी (सेंटर-राइट) गठबंधन की रही हैं। स्थिरता तभी संभव होती है जब गठबंधन के पास समान मूल्य, लक्ष्य और देश के लिए एक साझा दूरदृष्टि हो।"

मेलोनी ने कहा कि यह स्थिरता 2022 में इटली की जनता की ओर से जताए गए भरोसे की वजह से संभव हो सकी है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जनता के भरोसे को कभी भी 'ब्लैंक चेक' नहीं माना और न ही इसे कभी हल्के में लिया।

अगले वर्ष होने वाले चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार फिर से जनता के सामने जाएगी और बताएगी कि उसने क्या काम किया है और भविष्य के लिए उसकी क्या योजनाएं हैं।

उन्होंने लिखा, "अगले साल हम फिर नागरिकों के सामने जाएंगे। हम बताएंगे कि हमने क्या किया, क्या करना बाकी है और भविष्य के लिए हमारी क्या सोच है। इसके बाद जनता तय करेगी कि क्या हम इस सफर को आगे बढ़ाने के हकदार हैं। तब तक हमारा काम जारी रहेगा।"

इटली की प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार इस ऐतिहासिक उपलब्धि को बारी शहर में चिह्नित करेगी, जहां सरकार अपने कामकाज और आगे की योजनाओं पर चर्चा करेगी।

22 अक्टूबर 2022 को राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला ने रोम स्थित क्विरिनाले पैलेस में मेलोनी को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई थी। वह इटली के इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला हैं।

मेलोनी ने 15 साल की उम्र में एक छात्रा और युवा आंदोलन की सदस्य के रूप में राजनीति में कदम रखा था। 21 साल की उम्र में वह रोम प्रांत की पार्षद चुनी गईं और 27 साल की उम्र में 'एज‍ियोन जियोवानी' पार्टी के युवा संगठन 'एलेन्जा नाज‍ियोनाले' की नेता बनीं।

29 साल की उम्र में वे पहली बार संसद सदस्य चुनी गईं। 15वीं संसद के दौरान उन्होंने प्रतिनिधि सभा की उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया।

मेलोनी के नाम इटली की सबसे कम उम्र की मंत्री बनने का रिकॉर्ड भी है। वर्ष 2008 में, केवल 31 साल की उम्र में, वह इटली की युवा मामलों की मंत्री बनी थीं।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User