पीएम मोदी ने इटली की सबसे लंबे समय तक पीएम रहने पर मेलोनी को दी बधाई, बोले-यह बहुत बड़ी उपलब्धि  

Sep 04, 2026 - 15:05
0 5
पीएम मोदी ने इटली की सबसे लंबे समय तक पीएम रहने पर मेलोनी को दी बधाई, बोले-यह बहुत बड़ी उपलब्धि  

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को बधाई दी। मेलोनी हाल ही में इटली के युद्धोत्तर इतिहास की सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाली प्रधानमंत्री बन गई हैं। मोदी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और आगे की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने मेलोनी की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के लिए बेहतर और समृद्ध भविष्य बनाने के लिए सहयोग जारी रखने की बात भी कही।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट में लिखा, "मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास की सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाली प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इटली की जनता के विश्वास और भरोसे को दर्शाती है।"

उन्होंने कहा, "उनकी दोस्ती ने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं दोनों देशों के लोगों के लिए समृद्ध भविष्य बनाने हेतु हमारे करीबी सहयोग को आगे बढ़ाने का इंतजार कर रहा हूं। आने वाले वर्षों में उनकी निरंतर सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।"

गौरतलब है कि जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए इटली गणराज्य के युद्धोत्तर इतिहास की सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार का दर्जा हासिल किया है।

मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला था। शुक्रवार को उनकी सरकार ने सत्ता में 1,413 दिन पूरे कर लिए।

इससे पहले जुलाई में मेलोनी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के लिए नए अवसर बनाने के लिए साथ काम करने की इच्छा भी जताई थी।

उस समय सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्‍स' पर मेलोनी ने लिखा था, "पीएम मोदी को बधाई, जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। हाल के हफ्तों में रोम में उनसे फिर मुलाकात करना खुशी की बात रही। हमने मिलकर एक ऐसी विशेष रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत की है, जो भविष्य को ध्यान में रखते हुए हमारे देशों और हमारे लोगों के लिए नए अवसर पैदा करेगी।"

मई में प्रधानमंत्री मोदी दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर इटली गए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला से मुलाकात की थी।

बैठक के दौरान मोदी और मेलोनी ने दोनों देशों के रिश्तों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का फैसला किया। दोनों नेताओं ने उच्च स्तरीय संपर्कों में आई तेजी का स्वागत किया और बहुपक्षीय कार्यक्रमों के दौरान भी नेताओं की वार्षिक बैठकें आयोजित करने पर सहमति जताई। साथ ही, मंत्रिस्तरीय और संस्थागत स्तर पर नियमित बैठकों को जारी रखने का भी फैसला किया गया।

इसी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मेलोनी को एक हल्का-फुल्का और अनोखा उपहार भी दिया था। उन्होंने उन्हें "मेलोडी" टॉफी का एक पैकेट भेंट किया था।

दोनों नेताओं के बीच हंसी-मजाक भरा यह पल बाद में मेलोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किया। उन्होंने वहां इस उपहार का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया। वीडियो साझा करते हुए मेलोनी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी हमारे लिए एक उपहार लाए हैं, एक बहुत ही अच्छी टॉफी, मेलोडी। इस उपहार के लिए धन्यवाद।"

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User