आस्था और इनोवेशन का साथ, मैक्लारेन में विराजे भोलेनाथ

Aug 05, 2026 - 21:38
0 5
आस्था और इनोवेशन का साथ, मैक्लारेन में विराजे भोलेनाथ
आस्था और इनोवेशन का साथ, मैक्लारेन में विराजे भोलेनाथ

- सिवाया टोल प्लाजा से गुजरी मैक्लारेन की तर्ज पर बनी अनोखी कांवड़

- करीब आठ लाख रुपये की लागत से तैयार डमी मॉडल बना आकर्षण का केंद्र

मेरठ। कांवड़ मेले में इस बार आस्था और नवाचार का अनूठा संगम देखने को मिला। बुधवार शाम सिवाया टोल प्लाजा से जब मैक्लारेन स्पोर्ट्स कार की तर्ज पर तैयार कांवड़ गुजरी तो राहगीरों के कदम थम गए। पहली नजर में लोगों को लगा कि करोड़ों रुपये कीमत वाली स्पोर्ट्स कार ही कांवड़ यात्रा का हिस्सा बन गई है। पास पहुंचने पर पता चला कि यह असली कार नहीं, बल्कि उसका हूबहू तैयार किया गया डमी मॉडल है, जिसमें भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा विराजमान है। इस अनोखी कांवड़ को देखने और कैमरे में कैद करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

ऑफिस में हुई चर्चा से जन्मा अनोखा विचार

दिल्ली के नवादा गांव निवासी शिवभक्त दीपक शर्मा ने बताया कि वह अपने पांच साथियों के साथ कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। सावन से पहले सभी दोस्त ऑफिस में बैठे थे और इस बार कुछ अलग करने पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान एक साथी ने भगवान शिव को स्पोर्ट्स कार के स्वरूप में विराजमान कर कांवड़ तैयार करने का सुझाव दिया। सभी ने इस विचार को पसंद किया और इसे हकीकत में बदलने में लग गए।

साढ़े पांच करोड़ की कार जैसा मॉडल, आठ लाख में तैयार

दीपक और उनके साथियों के मुताबिक जिस मैक्लारेन स्पोर्ट्स कार की तर्ज पर यह कांवड़ बनाई गई है, उसकी वास्तविक कीमत करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये है। हालांकि उन्होंने उसका डमी मॉडल तैयार कराया, जिसे बनाने और सजाने में करीब सात से आठ लाख रुपये खर्च हुए। मॉडल के भीतर भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित की गई और 40 लीटर गंगाजल रखने की विशेष व्यवस्था भी की गई।

हर की पौड़ी से लेकर दिल्ली तक का सफर

दीपक शर्मा ने बताया कि 28 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे हरिद्वार की हर की पौड़ी से 40 लीटर गंगाजल उठाया गया था। पूरी यात्रा के दौरान गंगाजल इसी विशेष कांवड़ में सुरक्षित रखा गया है। अब श्रद्धालुओं का जत्था इसे लेकर दिल्ली के नवादा गांव स्थित शिव मंदिर पहुंचेगा, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के पीछे कोई बड़ी व्यक्तिगत मनोकामना नहीं है। परिवार की सुख-समृद्धि और भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की भावना से यह यात्रा की जा रही है।

असली कार समझ बैठे लोग

हरिद्वार से दिल्ली जाने वाले कांवड़ मार्ग पर हर वर्ष अलग-अलग थीम और डिजाइन की कांवड़ें लोगों का ध्यान खींचती हैं। इस बार मैक्लारेन जैसी दिखने वाली यह कांवड़ सबसे अधिक चर्चा में रही। दूर से इसे देखकर अधिकांश लोगों ने इसे करोड़ों रुपये की असली स्पोर्ट्स कार समझ लिया। जब लोगों को इसकी वास्तविकता पता चली तो उत्सुकता और बढ़ गई। आधुनिक डिजाइन और भगवान भोलेनाथ की भव्य प्रतिमा का यह अनूठा संगम पूरे मार्ग पर आकर्षण और चर्चा का विषय बना रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User