असम में बस- ट्रक की टक्कर में 16 लोगों की मौत, कई घायल 

Nov 13, 2026 - 17:28
Updated: 1 day ago
0 5
असम में बस- ट्रक की टक्कर में 16 लोगों की मौत, कई घायल 
दुर्घटना

गुवाहाटी। असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 16 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हादसे का शिकार हुए लोग बस में सवार होकर तिलिंगा मंदिर में पिकनिक मनाने जा रहे थे। 

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज के अंतर्गत हाथीकुली टी-एस्टेट के पास रंगाजन में हुई। एक यात्री मिनी बस की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्वप्ननिल डेका ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है। पुलिस और बचाव दल दुर्घटनास्थल पर मौजूद हैं और बस से शवों को बाहर निकाला जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि, बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी है।

मंत्री दुर्घटनास्थल पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचे। वह राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे की वजह बनी तेज रफ्तार 

गोलाघाट एसएसपी स्वप्ननिल डेका के अनुसार, मिनी बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी और राष्ट्रीय उद्यान के आस-पास लागू गति संबंधी प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रही थी। शुरुआती आशंका है कि तेज रफ्तार के कारण बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस कंटेनर ट्रक से टकरा गई। फिलहाल, पुलिस घटना की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
रमेश कुमार

रमेश कुमार - सीनियर कंटेंट राइटर

Comments (0)

User