मेरठ: सड़क हादसे में बाइक सवार महिला-नवजात की मौत, गैस सिलेंडर ट्रक ने कुचला
- पति के साथ बच्चे को पीलिया की दवा दिलाकर घर लौट रहे थे
दौराला, मेरठ: लावड़ में सड़क हादसे में बाइक सवार महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। दोनों अपने पति के साथ बच्चे को पीलिया की दवा दिलाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सब्जी मंडी स्थित काली माता मंदिर के सामने इंडेन गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना सोमवार दोपहर 3 बजे की है।
जानकारी के मुताबिक, महल गांव निवासी दंपती सोमवार को अपने आठ दिन के नवजात बच्चे को पीलिया की दवा दिलाने गए थे। दवा दिलाने के बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक लावड़ की सब्जी मंडी स्थित काली माता मंदिर के सामने पहुंची, तभी गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में महिला और उसके नवजात बच्चे की जान चली गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने जाम लगाया
महिला और नवजात की मौत की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। इससे सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया। इस दौरान एंबुलेंस में तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना मिली। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विधायक और पूर्व विधायक पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलने पर सरधना विधायक अतुल प्रधान और पूर्व विधायक संगीत सोम मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद जाम खुलवाया गया और यातायात सुचारु कराया गया। हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)