हर स्तर पर बदल रहा है पश्चिम बंगाल
कोलकाता। रेड रोड पर अब ईद की नमाज़ नहीं होती। किसी समय निज़ाम के बीफ़ रोल के लिए चर्चित रहे कोलकाता शहर के किसी रेस्तरां में अब बीफ़ मिलना भी मुश्किल है। बीजेपी सरकार के पहले छह महीनों में पश्चिम बंगाल में विविध क्षेत्रों में क्या- क्या बदलाव आये? आइये बदलती संस्कृति पर नजर डालते हैं।
पश्चिम बंगाल में पहली बीजेपी सरकार ने बीती नौ मई को शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में शपथ ली थी। सोमवार को सरकार के छह महीने पूरे हो गए। बीते छह महीनों में पश्चिम बंगाल में सबसे बड़ा बदलाव शायद संस्कृति के क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। चुनाव से पहले बीजेपी ने राज्य में उद्योग लगाने, रोज़गार बढ़ाने और महिलाओं की सुरक्षा जैसे कई वादे किए थे। इन वादों को पूरा करने के लिए शायद सरकार को अभी पर्याप्त समय नहीं मिला है, लेकिन पश्चिम बंगाल की कला, शिक्षा, भाषा, त्योहारों और अलग-अलग धर्मों के साथ मिलकर रहने की संस्कृति में बदलाव के संकेत अभी से दिखने लगे हैं।
शिक्षण संस्थानों में वैचारिक वर्चस्व बनाने की कोशिश के आरोप हों, वामपंथियों के किताबों के स्टॉल पर हमले या दुर्गा पूजा के दौरान लोगों को यह बताना कि उन्हें क्या करना चाहिए और क्या नहीं, इन घटनाओं के बीच मुस्लिम समुदाय को धीरे-धीरे निष्प्राण- निष्प्रयोज्य किए जाने के आरोप भी लग रहे हैं।
जादवपुर में 'जड़ों से उखाड़ने' की चेतावनी
नौ मई को कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे। इसके ठीक चार महीने बाद, नौ सितंबर को मुख्यमंत्री हिंदू साधु-संतों के साथ दक्षिण कोलकाता में जादवपुर यूनिवर्सिटी की ओर बढ़े। वहां उन्होंने यूनिवर्सिटी पर वैचारिक और राजनीतिक पकड़ बनाने की बात कही। यूनिवर्सिटी के सामने खड़े होकर शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि जादवपुर में जो लोग 'कश्मीर मांगे आज़ादी' के नारे लगाते हैं या माओवादी नेता किशनजी को 'रेड सैल्यूट' करते हैं, उन्हें जड़ से कैसे उखाड़ना है, यह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री जानते हैं। दुर्गा पूजा के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में मुख्यमंत्री के उस भाषण और जुलूस का असर अब भी महसूस किया जा रहा है.
कला विभाग के कुछ छात्रों का कहना था कि साधु-संत परिसर के बाहर आकर प्रदर्शन कर रहे हैं और बीजेपी का छात्र संगठन यूनिवर्सिटी का प्रतीक चिह्न तोड़ रहा है, लेकिन सरकार को छात्रों की समस्याओं की कोई चिंता नहीं है। कला विभाग के छात्र गौरव बर्मन ने कहा कि अब विरोधी विचारों और आवाज़ों को थोड़ा भी सम्मान नहीं दिया जाता। बीजेपी चाहती है कि सभी लोग उसके बताए रास्ते पर चलें और उसकी पसंद के मुताबिक़ खाना खाएं और कपड़े पहनें।
गौरव के दोस्त निर्भीक ने कहा कि आज़ादी की लड़ाई में शामिल सूर्य सेन, प्रीतिलता वाद्देदार और भगत सिंह को पाठ्यक्रम से हटाकर अब हमें केवल श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बारे में पढ़ाया जा रहा है।
फार्मेसी की छात्रा श्रीमयी देबनाथ ने कहा कि यह साफ़ दिखाई देता है कि इस सरकार का झुकाव सनातन हिंदू धर्म की ओर अधिक है, लेकिन हर मुद्दे को केवल एक ही नज़रिए से देखना ठीक नहीं हो सकता।
केमिकल इंजीनियरिंग के दूसरे वर्ष के छात्र सुदर्शन मुखर्जी ने कहा कि सब कुछ बिना किसी वजह के शांत हो गया है. पहले जैसा उत्साह, शोर और मस्ती अब नहीं रही।
दुर्गा पूजा के दौरान जादवपुर के 8बी बस स्टैंड पर सीपीआईएम की किताबों के स्टॉल को बुलडोज़र से तोड़ने की कोशिश भी हुई थी, हालांकि पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद इसे रोक दिया गया। पूजा के दौरान राज्य के दूसरे हिस्सों में भी वामपंथियों के किताबों के स्टॉल पर हमले की घटनाएं हुईं।
'छात्र आंदोलन की आड़ में यह सब नहीं चलेगा'
बीजेपी का कहना है कि वह किसी यूनिवर्सिटी पर ज़बरदस्ती कब्ज़ा करने या किताबें फेंकने जैसी संस्कृति में भरोसा नहीं करती। पश्चिम बंगाल बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता देवजीत सरकार ने बीबीसी बांग्ला से कहा कि हम किसी पर ज़बरदस्ती कुछ थोपने में विश्वास नहीं करते। यह हमारी विचारधारा का हिस्सा नहीं है। उन्होंने इसके लिए वामपंथियों को ज़िम्मेदार ठहराया। कहा, 'वर्ग शत्रु बताकर यूनिवर्सिटी के कुलपति की गला काटकर हत्या की गई। इसी जादवपुर में वामपंथियों ने गोपालचंद्र सेन के साथ ऐसा किया था। हमारा ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं है।
जादवपुर और प्रेसिडेंसी जैसी यूनिवर्सिटी में लगातार हमले हो रहे हैं और किताबों के स्टॉल भी निशाना बन रहे हैं, तो इसकी वजह क्या है? इस सवाल के जवाब में देवजीत सरकार ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में ऐसा होने के पीछे दो वजह हैं। पहली वजह यह है कि वामपंथियों का एक गुट दूसरे गुट पर हमला कर रहा है और इसका दोष बीजेपी पर डालने की कोशिश कर रहा है। दूसरी वजह यह है कि वामपंथियों को समझ आ गया है कि छात्र आंदोलन की आड़ में वे अब वे अनैतिक और देश-विरोधी गतिविधियां नहीं चला पाएंगे, जिन्हें इतने वर्षों से चलाते आए हैं. इसलिए वे ग़ुस्से में हैं।
'अब केवल हो रही है हिंदू-मुस्लिम की बात'
कुछ लोगों का कहना है कि सहनशीलता की कमी केवल शिक्षण संस्थानों में ही नहीं, बल्कि धार्मिक त्योहारों में भी दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन से पहले कहा था कि जो लोग सनातन धर्म को मानते हैं, केवल वही प्रतिमा को हाथ लगाएंगे। उनकी इस बात का अर्थ यह निकाला गया कि ग़ैर-हिंदुओं को दुर्गा प्रतिमा नहीं छूनी चाहिए।
भारत सरकार के पूर्व संस्कृति सचिव और पूर्व सांसद जवाहर सरकार का मानना है कि बीजेपी बंगाल को ठीक से समझ ही नहीं पाई है। बंगाल ने कभी जाति और धर्म के आधार पर इस तरह नहीं सोचा। हम अपने दोस्तों के साथ एक ही थाली में खाना खाते थे। हमारे मन में कभी यह सवाल नहीं आया कि कौन मुसलमान या ईसाई है और कौन किस जाति से आता है।ये हमारे राज्य के बुनियादी मूल्य हैं। शुभेंदु अधिकारी की सरकार ने पहले दिन से ही इनके ख़िलाफ़ रुख़ अपनाया है।
टैक्सी ड्राइवर राशिद अहमद ने कहा कि मैं पूरे शहर में घूमता हूं। अब हर जगह केवल हिंदू-मुस्लिम, हिंदू-मुस्लिम हो रहा है। मुस्लिम इलाक़े में लोग बीजेपी का झंडा लगाकर कहते हैं कि मैं बीजेपी से जुड़ा हुआ हूं। मोहम्मद साबिर ने कहा कि बंगाल में पहले हिंदू, मुस्लिम और सिख सभी मिल-जुलकर रहते थे, अब सब कुछ बंट गया है।
कला और साहित्य में 'राष्ट्रवादी सोच'
काली पूजा से दो दिन पहले कोलकाता के रवींद्र सदन और नंदन परिसर में कलाकारों, लेखकों और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं का एक समूह 'एकतारा मंच' के आसपास खुले आसमान के नीचे चर्चा के लिए बैठा था। उनकी बातचीत का विषय था कि नई सरकार के दौर में 'राष्ट्रवादी सोच' को कला और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों में किस तरह आगे बढ़ाया जा सकता है। लेखक सौमित्र राय ने कहा, 'यह ऋषियों की परंपरा वाला देश है और बंगाल महान विचारकों की धरती रहा है. उनके विचारों को साहित्य में शामिल करके ही हम अपना खोया हुआ गौरव वापस पा सकते हैं।'
शुभेंदु को उत्तर भारत के कुछ हिंदी भाषी नेताओं ने सत्ता तक पहुंचाया है, वह इससे इनकार नहीं कर सकते। ये नेता पूरे भारत में हिंदू और हिंदी का दबदबा स्थापित करने में विश्वास करते हैं। ऐसे में बंगाल के लोग क्या सोचते हैं, इसकी उन्हें चिंता नहीं है। अपनी कुर्सी बचाने के लिए वह अपने हिंदी भाषी नेताओं को ख़ुश करने वाले काम कर रहे हैं।
बीजेपी नेतृत्व इस सवाल का सीधा जवाब नहीं देता.
पश्चिम बंगाल बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता देवजीत सरकार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में गोमांस पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है, कम से कम अभी तक नहीं, लेकिन कहीं भी और किसी भी तरह गाय को काटने की इजाज़त नहीं दी जा सकती। इस बारे में राज्य और केंद्र सरकार के तय क़ानून हैं। उन क़ानूनों का पालन करके सब कुछ किया जाए, तो कोई परेशानी नहीं है।राज्य में अल्पसंख्यकों के अधिकार ज़रूर रहेंगे, लेकिन बीजेपी पश्चिम बंगाल के मुसलमानों को अल्पसंख्यक नहीं मानती।
राज्य की आबादी में लगभग 30 फ़ीसदी हिस्सेदारी रखने वाले मुसलमानों को बीजेपी दूसरा सबसे बड़ा बहुसंख्यक समुदाय मानती है। सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई इस राज्य के वास्तविक अल्पसंख्यक हैं, मुसलमान नहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)