मुजफ्फरनगर में शादी की दावत बनी आफत! करीब 60 से 70 लोग बीमार, फूड सेफ्टी विभाग ने लिए सैंपल
उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद मचा हड़कंप; सीएमओ सुनील तेवतिया ने बताया गांव में 30 से 40 लोगों को मामूली परेशानी हुई थी। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। खाद्य सुरक्षा विभाग को सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नॉकआउट न्यूज़, डिजिटल डेस्क |
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शादी से पहले आयोजित मंडा समारोह में भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए। नगवा गांव में शुक्रवार शाम आयोजित दावत में हलवा खाने के करीब दो घंटे बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते गांव के कई परिवारों में बीमारी फैलने की खबर से अफरा-तफरी मच गई। करीब 60 से 70 लोग बीमार हुए हैं, हालांकि सीएमओ ने बताया कि बुढ़ाना के नगवा गांव में 30 से 40 लोगों को मामूली परेशानी हुई थी। उनका इलाज गांव में ही कर दिया गया था। वहीं, 3-4 लोग बुढ़ाना के निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे, जिन्हें भी स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
फूड सेफ्टी विभाग ने खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे
घटना की सूचना पर फूड सेफ्टी विभाग की टीम गांव पहुंची और खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। फिलहाल बीमारी की असली वजह स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही फूड पॉइजनिंग के कारणों का पता चल सकेगा।
ये है पूरा मामला
मामला जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर बुढ़ाना थाना क्षेत्र का है। नगवा गांव में पवन अपने परिवार के साथ रहता है। पवन की रविवार को बारात जानी है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को मंडा का कार्यक्रम था। शाम को सभी लोगों ने भोजन किया। इसके बाद लोगों ने भोजन के साथ हलवा खाया। इसके करीब दो घंटे बाद कई ग्रामीणों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। धीरे-धीरे बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई।
देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई। एक साथ इतने लोगों के बीमार होने से परिजन और ग्रामीण परेशान हो गए। बीमार लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पतालों में भी मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
मामले को संभावित फूड पॉइजनिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार होने के बीच गांव में मौजूद एक डॉक्टर की तबीयत भी खराब होने की जानकारी सामने आई है। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए रात में फूड सेफ्टी विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने जांच के लिए खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।
फिलहाल हलवा खाने के बाद ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। फूड सेफ्टी विभाग की ओर से लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल है।
ग्रामीण बोला- रिफाइंड को लेकर समस्या हुई
एक ग्रामीण ने बताया कि हलवाई की वजह से लोगों की तबीयत बिगड़ने की आशंका है। संभवतः रिफाइंड को लेकर कोई समस्या हुई थी। उन्होंने बताया कि गांव में करीब 60 से 70 लोगों की तबीयत खराब हुई थी। हालांकि, दवा लेने के बाद शाम तक ज्यादातर लोगों की हालत में सुधार हो गया। एक-दो लोगों को इलाज के लिए बाहर ले जाना पड़ा।
उन्होंने बताया कि उनकी बेटी और पत्नी की तबीयत भी खाना खाने के बाद बिगड़ गई थी। दोनों को गांव में ही उपचार दिया गया। उनके मुताबिक, उल्टी और घबराहट जैसी शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन अब सभी की हालत सामान्य है और कोई परेशानी नहीं है।
पेट में तेज दर्द हो रहा
मरीज रमेश ने बताया कि शुक्रवार शाम से उनके पेट में तेज दर्द हो रहा है और बार-बार उल्टी जैसा महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत काफी खराब है और उन्हें किसी गाड़ी से अस्पताल पहुंचा दिया जाए। उन्होंने बताया कि वह मंडा समारोह में दावत खाने गए थे, जहां दाल-रोटी समेत अन्य भोजन किया था।
ग्रामीण कृष्णा ने बताया कि गांव में शादी से पहले मंडा का कार्यक्रम था, जहां उनके बच्चे दावत खाने गए थे। शाम तक उनकी तबीयत ठीक थी, लेकिन रात से ही उन्हें उल्टी शुरू हो गई। इसके बाद वह बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचीं, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि उनके घर के तीन बच्चे और एक बहू समेत कुल चार लोग ज्यादा बीमार हैं। उन्हें भी रुक-रुककर पेट में दर्द हो रहा है।
सीएमओ ने बताया- गांव के हालात पूरी तरह काबू
सीएमओ सुनील तेवतिया ने बताया कि बुढ़ाना के नगवा गांव में 30 से 40 लोगों को मामूली परेशानी हुई थी। उनका इलाज गांव में ही कर दिया गया था। वहीं 3-4 लोग बुढ़ाना के निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे, जिन्हें भी स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर हलवा, पनीर या किसी अन्य खाद्य पदार्थ के सेवन से तबीयत बिगड़ने की आशंका है। खाद्य सुरक्षा विभाग को सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)