एशियाई खेलों में इतिहास रचने वाली केरल की पहली महिला निशानेबाज बनीं विदर्सा विनोद : केसी वेणुगोपाल
नई दिल्ली। केरल की निशानेबाज विदर्सा विनोद ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों से दो रजत पदक जीतकर महाद्वीपीय स्तर पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस क्रम में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भारतीय निशानेबाज विदर्सा विनोद को बधाई दी है।
केसी वेणुगोपाल ने दी बधाई और सराहा प्रदर्शन
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "विदर्सा विनोद ने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाली केरल की पहली महिला निशानेबाज बनकर इतिहास रच दिया है। न केवल केरल, बल्कि पूरा देश उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है। दिल्ली लौटने पर विदर्सा को उनकी इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई। भविष्य में उनकी और अधिक सफलता की कामना करते हैं।"
टीम स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन और दो पदक
विदर्सा उस भारतीय निशानेबाज दल का हिस्सा थीं, जिसने खेलों में देश के लिए पदकों का खाता खोला। रविवार को 27 वर्षीय विदर्सा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता और शनिवार (26 सितंबर) को महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में भी एक रजत पदक अपने नाम किया था।
परिवार में जश्न और पिता का भावनात्मक बयान
उनके पिता विनोद कोचालुंगकल ने शनिवार को मीडिया को बताया कि विदर्सा का एशियाई खेलों के लिए चयन होना ही परिवार के लिए एक बड़ी उपलब्धि थी। उन्होंने कहा कि दो पदक जीतने से यह अवसर हमारे लिए अपार गर्व का क्षण बन गया है।
विनोद ने कहा कि हमारी बेटी को एक छोटे से गांव से आकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल करते देखना एक ऐसा एहसास है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
पहली मलयाली निशानेबाज बनने का गौरव और ओलंपिक का सपना
कोचलुंगकल परिवार की यह छोटी सी लड़की यहां से 30 किलोमीटर दूर थिरुवंबडी के थंबलमन्ना की रहने वाली है। उसने एशियाई खेलों में शूटिंग स्पर्धा में जीत हासिल करने वाली पहली मलयाली बनकर इतिहास रच दिया है।
विनोद ने बताया कि उनकी बेटी ने आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेलों में अपने सभी स्पर्धाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया और उसके प्रदर्शन से न केवल परिवार बल्कि स्थानीय समुदाय को भी अपार खुशी मिली है।
विदर्सा की मां अनीता विनोद ने अपनी बेटी के लिए परिवार की आकांक्षाओं को साझा करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि एक दिन ओलंपिक पोडियम पर विदर्सा के लिए राष्ट्रगान बजाया जाएगा।
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)