उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर पुलिस का कड़ा प्रहार; गोंडा में मुठभेड़ के बाद 3 गौतस्कर गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन लंगड़ा' और जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाई की है। गोंडा जिले में पुलिस और स्वाट टीम ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद तीन शातिर गौतस्करों को धर दबोचा, जिनमें से एक आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जानिए गोंडा और बहराइच में हुई पुलिस मुठभेड़, बरामदगी और आरोपियों के आपराधिक इतिहास पर पूरी विस्तृत रिपोर्ट।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जनपद गोंडा में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन गौतस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस और चाकू समेत एक मोटरसाइकिल बरामद की।
गोंडा पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ देर रात बनगांव से कटराबाजार रोड पर सघन चेकिंग के दौरान हुई। रोकने पर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई थी। जवाबी फायरिंग में कबीउल्लाह के पैर में गोली लगी। उसके दो साथी सुहेल और शमी को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई टेपरा मगुरही निवासी श्रवण कुमार शुक्ला की गाय की बछिया चोरी की शिकायत पर की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। मौके से एक मोटरसाइकिल और एक बड़ा धारदार चाकू भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी कबीउल्लाह का आपराधिक इतिहास है। उस पर पहले से करनैलगंज व कटराबाजार थाने में 3 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, तीनों अपराधियों के विरुद्ध थाना कटराबाजार में कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
उधर, उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इसी बीच दो आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई बहराइच जिले के रुपईडीहा क्षेत्र में की गई।
अधिकारियों के अनुसार, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत रुपईडीहा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रंजीतबोझा के बीहड़ जंगलों में घेराबंदी की। इसी दौरान चोरी की दो बाइकों को नेपाल भेजने की फिराक में निकले तीन शातिर बदमाशों को जैसे ही पुलिस ने रोका तभी, अपराधियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस की तरफ से आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी अब्दुल उर्फ अब्दुल सलाम के पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गया। वहीं, घने कोहरे व अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो साथी जंगल में फरार हो गए।
पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर के कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस और बिना नंबर की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायल को कड़ी सुरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। अधिकारियों ने कहा कि फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)