दूसरों की मदद करना पहले से अधिक खतरनाक, हमें मानवीय कार्यकर्ताओं के लिए खड़े होने की जरूरत: एंटोनियो गुटेरेस 

Aug 19, 2026 - 11:17
0 4
दूसरों की मदद करना पहले से अधिक खतरनाक, हमें मानवीय कार्यकर्ताओं के लिए खड़े होने की जरूरत: एंटोनियो गुटेरेस 

संयुक्त राष्ट्र। पूरा विश्व बुधवार को 'विश्व मानवतावादी दिवस' मना रहा है। इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मानवीय कार्यकर्ताओं के लिए खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानवतावादी कार्यकर्ताओं पर हमले गैर-कानूनी हैं। हमें उनके लिए खड़ा होना होगा और मानवता के लिए कदम उठाने होंगे। यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अपने एक वीडियो संदेश में कहा, "विश्व मानवतावादी दिवस पर हम उन समर्पित लोगों का सम्मान करते हैं, जो जरूरतमंद लाखों लोगों तक जीवन बचाने वाली मदद पहुंचाते हैं।"

उन्होंने कहा, "साथ ही, हम एक भयावह स्थिति का भी सामना कर रहे हैं। दूसरों की सेवा करना पहले से कहीं अधिक खतरनाक हो गया है। पिछले तीन सालों में एक हजार से अधिक मानवतावादी कार्यकर्ताओं की जान गई है। इनमें से अधिकतर स्थानीय कर्मचारी थे, जो अपने ही समुदायों की मदद कर रहे थे।"

एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि अनगिनत लोग गोलीबारी, गोलाबारी, बमबारी, अपहरण या बलात्कार जैसी घटनाओं से बाल-बाल बचे। स्कूलों और अस्पतालों पर हमले हो रहे हैं, और हथियारों से लैस ड्रोन जैसे युद्ध के नए साधन नए खतरे पैदा कर रहे हैं। साथ ही, इस स्थिति से भरोसा भी कम हो रहा है। मानवतावादी कार्यों के लिए मिलने वाली फंडिंग में कटौती की जा रही है और मदद पहुंचाने के रास्तों पर रोक लगाई जा रही है। हम देखते हैं कि मदद पहुंचाने वाले काफिलों को रोका जाता है, मदद करने वाले कार्यकर्ताओं को धमकाया जाता है, गिरफ्तार किया जाता है और हिरासत में लिया जाता है। अधिक जरूरत वाले लोगों को बिना किसी मदद के छोड़ दिया जाता है।

गुटेरेस ने कहा कि मानवतावादी कार्यकर्ताओं पर हमले गैर-कानूनी हैं और इनके नतीजे बहुत भयानक होते हैं। उन परिवारों के लिए, जो जीवित रहने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, उन बच्चों के लिए, जो भोजन का इंतजार कर रहे हैं, उन मरीजों के लिए, जिन्हें तुरंत इलाज की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि अब हमें कदम उठाने होंगे। गुटेरेस ने कहा, "कानून के नियमों का सम्मान करना, सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करना, दोषियों को जवाबदेह ठहराना और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है। मानवतावादी कार्यकर्ता जरूरतमंद लोगों के लिए खड़े होते हैं। हमें उनके लिए खड़ा होना होगा। हमें अभी मानवता के लिए कदम उठाने होंगे।"

संयुक्त राष्ट्र ने विश्व मानवतावादी दिवस 2026 की थीम 'एक्ट फॉर ह्यूमैनिटी' (मानवता के लिए कार्य) रखी है। साथ ही, लोगों से इस पहल के साथ जुड़ने की अपील की गई है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि एक्ट फॉर ह्यूमैनिटी' का उपयोग करके नागरिकों और मानवीय सहायता कर्मियों की सुरक्षा की मांग करें।

संयुक्त राष्ट्र ने अनुरोध किया है कि मानवीय कार्यों का समर्थन करें, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के सम्मान और उल्लंघन होने पर विश्वसनीय जांच और जवाबदेही की मांग करें और मारे गए मानवीय कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करें ल उनके परिवारों, सहकर्मियों और समुदायों के साथ खड़े रहें।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User