डीआर कांगो में 66 सैनिकों को मौत की सजा, जंग से भागने का आरोप
डीआर कांगो, अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो डीआर कांगो में सैन्य अदालत ने 66 सैनिकों को मौत की सजा सुनाई है। इन सैनिकों पर विद्रोहियों से मुकाबला करने के बजाय युद्ध के मैदान से भागने का आरोप था। अदालत ने इसे कायरता, बगावत और सेना के आदेशों की अनदेखी माना है।
71 सैनिकों के खिलाफ हुई सुनवाई
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, सैन्य अदालत में कुल 71 सैनिकों के मामलों की सुनवाई हुई। इनमें से 66 को मौत की सजा सुनाई गई, जबकि एक सैनिक को 10 साल की जेल हुई। वहीं, चार सैनिकों को सबूतों की कमी के कारण बरी कर दिया गया।
क्या था पूरा मामला?
यह मामला पूर्वी कांगो के वालिकले इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, 20 अक्टूबर को विद्रोहियों के साथ संघर्ष के दौरान इन सैनिकों को गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि हमले के समय उन्होंने अपनी सुरक्षा चौकियां छोड़ दीं और पीछे हट गए।
कांगो में लंबे समय से चल रही है लड़ाई
पूर्वी कांगो में कई सालों से सरकारी सेना और विद्रोही संगठनों के बीच संघर्ष जारी है। इनमें M23 विद्रोही गुट भी शामिल है। कांगो सरकार का आरोप है कि रवांडा विद्रोहियों की मदद कर रहा है, हालांकि रवांडा इन आरोपों से इनकार करता है।
सैनिकों ने बताई संसाधनों की कमी
दूसरी तरफ, सैनिकों का कहना है कि उन्हें कम वेतन मिलता है और युद्ध के मैदान में जरूरी हथियारों और सैन्य सुविधाओं की भी कमी है। सेना के अंदर अनुशासन और संसाधनों की कमी को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 की शुरुआत से अब तक 507 सैनिकों को दोषी ठहराया गया है। इनमें से 381 को मौत की सजा सुनाई जा चुकी है। मार्च 2024 में कांगो सरकार ने सेना में भगोड़ों और गद्दारों पर कार्रवाई के लिए मौत की सजा पर लगा करीब 20 साल पुराना प्रतिबंध हटा दिया था।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)